धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर रामेश्‍वर उरांव बोले, चुनाव की घोषणा के कारण घटेगी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत

Jharkhand Political Updates उन्‍होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री के इस बयान में कोई सच्चाई नहीं है कि सर्दियों में पेट्रोल-डीजल की खपत बढ़ जाने के कारण कीमत में बढ़ोत्तरी होती है। चुनाव के बाद फिर से पेट्रोल डीजल की कीमत में बढ़ोत्तरी होगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 05:37 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 05:41 PM (IST)
धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर रामेश्‍वर उरांव बोले, चुनाव की घोषणा के कारण घटेगी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत
Jharkhand Political Updates रांची में बोलते रामेश्‍वर उरांव।

रांची, जासं। Jharkhand Political Updates केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर झारखंड के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्‍वर उरांव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में दो-तीन महीने के लिए कमी आएगी। वे आज रांची में राजभवन के समक्ष पेट्रोल-डीजल की कीमत और महंगाई में वृद्धि के खिलाफ पार्टी द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री के इस बयान में कोई सच्चाई नहीं है कि सर्दियों में पेट्रोल-डीजल की खपत बढ़ जाने के कारण कीमत में बढ़ोत्तरी होती है।

कहा कि उनका यह बयान आगामी दिनों में पश्चिम बंगाल, असम और केरल समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ही आया है। जिस तरह से पूरे देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनाक्रोश का माहौल है और विधानसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान नहीं उठाना पड़े, इसलिए केंद्रीय मंत्री ने सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए यह बयान दिया है। चुनाव के बाद फिर से कीमत में बढ़ोत्तरी होगी।

डॉ. उरांव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत को नियंत्रित करना केंद्र सरकार की जिम्मेवारी है, लेकिन जनविरोधी सरकार अभी अपने पूंजीपति मित्रों को सहयता पहुंचाने के लिए आंखें बंद कर बैठी है, जबकि हकीकत यह है कि गरीब से गरीब लोग पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस का उपयोग करते हैं। कांग्रेस शासनकाल में लोगों की आमदनी बढ़ाने के साथ ही महंगाई पर काबू पाने के लिए इंतजाम किया जाता था, लेकिन नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों और मजदूरों तथा जनमानस के विरुद्ध लगातार फैसले ले रही है।

इसके खिलाफ पूरे राज्य में पार्टी की ओर से आंदोलन चलाया जा रहा है। वित्तमंत्री ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत से पूरे देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। इसकी कीमत बढ़ने से अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमत में भी इजाफा होता है। वहीं डीजल का उपयोग किसान भी करते हैं। यदि इसी तरह से लगातार कीमत बढ़ती जाए, तो कृषि उत्पादन का लागत बढ़ जाएगी और अनाज की कीमत भी बढ़ जाएगी। ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश बैठा के नेतृत्व में राजभवन पर धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन के उपरांत सुरेश बैठा के नेतृत्व में राष्ट्रपति को उपायुक्त रांची के द्वारा ज्ञापन भी भेजा गया है।

इसमें पेट्रोल डीजल एवं रसोई गैस की कीमतें कम करने का अनुरोध किया गया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के मूल्य में बढ़ोत्तरी के खिलाफ पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है और आज इसी क्रम में राज्य के सभी जिलों में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डाॅ. राजेश गुप्ता छोटू, रवीन्द्र सिंह ने भी धरना को संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी