Jharkhand BJP Political News: रघुवर दास और अन्‍नपूर्णा देवी का बढ़ा कद, बनाए गए भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष

Jharkhand BJP Political News आज इस संबंध में भाजपा की केंद्रीय टीम की ओर से यह जानकारी साझा की गई। इसके अलावा विभिन्‍न राज्‍यों में भाजपा नेताओं को जिम्‍मेदारी सौंपी गई है। बिहार के राधामोहन सिंह भी राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष बनाए गए हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 04:14 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 10:06 PM (IST)
Jharkhand BJP Political News: रघुवर दास और अन्‍नपूर्णा देवी का बढ़ा कद, बनाए गए भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष
कोडरमा की सांसद अन्‍नपूर्णा देवी के साथ रघुवर दास।

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास और पिछले लोकसभा चुनाव में राजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुई कोडरमा की वर्तमान सांसद अन्‍नपूर्णा देवी को पार्टी ने बड़ा ओहदा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा समीर उरांव अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं।

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी नई टीम का आज एलान किया है। इसमें विभिन्‍न राज्‍यों के भाजपा नेताओं को हिस्‍सेदारी मिली है। भाजपा की यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब बिहार के अलावा कई राज्‍यों में विधानसभा के उपचुनाव होने हैं। झारखंड में भी दो सीटों बेरमो और दुमका में विधानसभा का उपचुनाव होना है। बिहार के राधामोहन सिंह भी राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष बनाए गए हैं। विधानसभा के अलावा लोकसभा का भी उपचुनाव कई राज्‍यों में होना है।

पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता मुकुल रॉय को भी राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष की कमान सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल से ही अनुपम हाजरा को राष्‍ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई टीम को शुभकामनाएं दी है। उन्‍होंने कहा है कि मुझे पूरा विश्‍वास है कि पार्टी की नई टीम भाजपा की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखेंगे और नि:स्‍वार्थ तथा समर्पण भाव से देश के लोगों की सेवा करेंगे।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा समीर उरांव को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सह सिल्ली विधानसभा के युवा नेता विनय कुमार महतो उर्फ धीरज ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

भाजपा नेता धीरज ने कहा है कि इनके राष्ट्रीय टीम में पदाधिकारी बनाए जाने पर इनके कुशल संगठनात्मक अनुभव का लाभ पार्टी एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को मिलेगा। भाजपा राष्ट्रीय टीम में पदाधिकारी बनाए जाने पर बधाई देने वालों में सिल्ली विधानसभा मीडिया प्रभारी विनोद कुमार साहु, भाजपा नेता चितरंजन महतो, अरविंद कुमार साहु, जादूराम महतो, भगीरथ महतो, मदन, मनोज, उमेश समेत सिल्ली विधानसभा के कार्यकर्ता शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी