भाजपा नेत्री और उनके बेटे की हत्या का आरोपित कैदी फरार

जेल में चक्कर आने का बहाना बना रिम्स में था एडमिट खिड़की से कूद कर भागा। रस्सा बेड पर ही

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Oct 2019 02:09 AM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 02:09 AM (IST)
भाजपा नेत्री और उनके बेटे की हत्या का आरोपित कैदी फरार
भाजपा नेत्री और उनके बेटे की हत्या का आरोपित कैदी फरार

जेल में चक्कर आने का बहाना बना रिम्स में था एडमिट, खिड़की से कूद कर भागा। रस्सा बेड पर ही छोड़ गया, एक पुलिसकर्मी गया था चाय पीने, दूसरा था डॉक्टर के साथ

रांची, जासं : रिम्स से फिर एक कैदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी आशीष घोष बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा यानी होटवार जेल से इलाज के लिए रिम्स लाया गया था। पुलिसकर्मियों की लापरवाही से वह हथकड़ी का रस्सा खोल भागने में सफल रहा। घटना शुक्रवार सुबह 10.30 बजे की है। 13 जुलाई 2018 को आशीष हिल व्यू रोड स्थित किंगलैंड स्कूल की संचालिका सह भाजपा नेत्री आरती कुमारी (45) और बेटे रितेश कुमार (10) की हत्या के आरोप में जेल में बंद था।

जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली, महकमे में हड़कंप मच गया। सदर डीएसपी दीपक कुमार पाडेय, बरियातू थानेदार संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी जांच करने पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। हवलदार विद्यानंद सिंह की शिकायत पर कैदी के भागने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

डॉक्टरों के सामने पागलपन का करता था नाटक : पुलिस ने बताया कि कैदी आशीष घोष को जेल में चक्कर आता था। बेहोश होकर गिर जाता था। इस वजह से उसे जेल प्रबंधन ने 16 अक्टूबर को रिम्स भेजा था। मेडिसीन आइसीयू में भर्ती था। वहां डॉक्टरों के सामने अक्सर पागलपन का नाटक करता था। उसकी सुरक्षा में हवलदार विद्यानंद सिंह और सिपाही रामराज सिंह थे। शुक्रवार को घटना के कुछ देर पहले सिपाही रामराज चाय पीने निकला था। जबकि दूसरा हवलदार विद्यानंद डॉक्टर से कैदी आशीष के बारे में जानकारी लेने गया था। कैदी आशीष घोष के हाथ में हथकड़ी लगी थी, जिसमें एक रस्सा अटैच था। यह रस्सा भी बेड के किनारे लोहे की एक पाइप से बंधा था। कैदी आशीष घोष ने मौका ताड़ लिया। उसने हथकड़ी से रस्से को खिसका लिया। जबकि हाथ में हथकड़ी का चूड़ा लगा रहा। बेड की बाईं ओर खिड़की से छज्जे पर कूदा और वहां से नीचे कूदकर फरार हो गया। यानी 14 फीट की ऊंचाई से वह कूद कर भाग निकला। वह रिम्स के पिछले रास्ते से रिम्स किचन होते हुए भागा।

सस्पेंड किए जाएंगे पुलिसकर्मी : हवलदार विद्यानंद सिंह और सिपाही रामराज सिंह की लापरवाही पर सदर डीएसपी दीपक कुमार पांडेय जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद दोनों को सस्पेंड किया जाएगा।

'फरार कैदी की तलाश की जा रही है। उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा किस स्तर पर लापरवाही हुई है, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद दोनों सस्पेंड किए जाएंगे।'

दीपक कुमार पांडेय, डीएसपी सदर रांची।

10 साल पहले चार खूंखार अपराधी बाथरूम का ग्रिल तोड़ हो गए थे फरार

15 मार्च 2009। रिम्स के कैदी वार्ड में इलाजरत चार खूंखार अपराधी एक साथ बाथरूम का ग्रिल तोड़कर फरार हो गये थे। फरार होने वालों में एक नक्सली तेज नारायण गोप, हत्याकांड का सजायाफ्ता कैदी ज्योति लागुड़ी, हत्या का आरोपी रवींद्र सिंह और रामविलास सिंह उर्फ लैला था। इसके अलावा कई बार कैदी यहां से फरार हो गए हैं।

chat bot
आपका साथी