Jharkhand Weather: बेमौसम बारिश से धान फसल को नुकसान की संभावना, रविवार व सोमवार को भी होगी बारिश

Jharkhand Weather झारखंड में बेमौसम बारिश ने जहां पारा 10 डिग्री तक गिरा दिया है वहीं दूसरी ओर धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो ये हालात आगामी चार दिनों तक बने रहेंगे।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 07:59 PM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 07:59 PM (IST)
Jharkhand Weather: बेमौसम बारिश से धान फसल को नुकसान की संभावना, रविवार व सोमवार को भी होगी बारिश
झारखंड में बेमौसम बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

रांची, जासं। झारखंड में मौसम ने अचानक अंगड़ाई ले ली है। बेमौसम बारिश ने जहां पारा 10 डिग्री तक गिरा दिया है, वहीं दूसरी ओर धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो ये हालात आगामी चार दिनों तक बने रहेंगे। शनिवार को शहरी व ग्रामीण इलाकों में सुबह-सुबह धुंध छाई रही। लोग बारिश की वजह से घरों में सिमटे रहे। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का चक्रवाती क्षेत्र अब आंध्र प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के रूप में बना हुआ है। इसका टर्फ लाइन झारखंड समेत आसपास के राज्यों तक फैला हुआ देखने को मिल रहा है।

शहर में हो रही बारिश ने छोटे व्यापारियों को खासा नुकसान पहुंचाया है। कांके रोड में चाय की दुकान चला रहे मिथिलेश चौरसिया ने बताया कि आम दिनों के मुकाबले पिछले दो दिनों से आमद नहीं हो पाई है। वहीं बूटी मोड़ के पास जनरल स्टोर चलाने वाले नीतीश व अनिल कुमार कहते हैं कि बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था को सामने ला दिया है। साथ ही व्यापार भी काफी प्रभावित हो गया है। सेल्स का काम करने वाले राकेश रौशन, मानिकचंद व सूरज रंजन ने बताया कि बारिश की वजह से काम ठप पड़ा है।

इन जगहों पर आज बारिश होने की संभावना :

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों की माने तो सूबे के मध्य भाग मसलन रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़ जबकि दक्षिणी भाग के पूर्वी सिंहभूम व पश्चिमी सिंहभूम के अलावा सिमडेगा, सरायकेला खरसावां शामिल है। वहीं उत्तर पूर्वी हिस्से के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज में यही हालात बने रहने की संभावना है। बता दें कि मानसून के जाने के बाद सूबे में 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। सबसे ज्यादा बारिश पश्चिमी ङ्क्षसहभूम में सामान्य से 188 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

अगले तीन दिनों का संभावित तापमान :

रविवार -अधिकतम 22 न्यूनतम 16

सोमवार- अधिकतम 23 न्यूनतम 15

मंगलवार - अधिकतम 26 न्यूनतम 14

राज्य में अगले तीन-चार दिनों तक लगातार बारिश के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना है। वहीं तापमान में गिरावट की वजह से धुंध की स्थिति बन रही है। मौसम की ऐसी स्थिति आगे भी बने रहने की संभावना है। जबकि पिछले एक सप्ताह से दिन भर धूप रहने के बाद शाम ढलने के साथ ही ठंड असर दिखा रही है। रविवार और सोमवार को भी कमोबेश यही स्थिति बने रहने की संभावना है।

- अभिषेक आनंद, मौसम वैज्ञानिक, रांची।

बेमौसम हुई बारिश का सीधा असर किसानी पर देखने को मिल रहा है। यदि धान के खेतों में पानी जमा हो गया हो तो उसे जल्द निकालने की व्यवस्था करें। धान की दूधिया अवस्था होने व बारिश होने के कारण गंधी बग का प्रकोप बढ़ सकता है। जिस कारण धान व सब्जी की खेती की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। यदि कीट का प्रकोप बढ़ जाए तो जैव कीटनाशक, पाइरेथ्रीन, नीम व करंज की खल्ली को इस्तेमाल में लाया जा सकता है।

- पंकज कुमार सिंह, वरीय शोध अध्येता, आइसीएआर-चावल अनुसंधान केंद्र, हजारीबाग।

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से बच कर रहें। बेमौसम हो रही बारिश आपको बीमार कर सकती हैं। सर्दी, खांसी और बुखार हो सकता है। खासकर कोरोना काल के मरीज जो स्वस्थ हैं वो भी कोई रिस्क न लें।

- डा . जेके मित्रा, जनरल फिजिशियन, रांची।

chat bot
आपका साथी