Jharkhand: शराब के नशे में पुलिस जवान ने जेल में की फायरिंग, मची अफरा-तफरी

मंडल कारा लातेहार में रविवार की रात एक पुलिस जवान ने गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी से जेल में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही जिले के पदाधिकारियों की टीम मंडल कारा में पहुंच कर मामले की जांच की।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 11:44 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 11:44 AM (IST)
Jharkhand: शराब के नशे में पुलिस जवान ने जेल में की फायरिंग, मची अफरा-तफरी
लातेहार जेल में शराब के नशे में जवान ने की फायरिंग, कोई हताहत नहीं। जागरण

लातेहार, जासं । मंडल कारा लातेहार में रविवार की रात एक पुलिस जवान ने गोलीबारी कर दी। इस गोलीबारी से जेल में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही जिले के पदाधिकारियों की टीम मंडल कारा में पहुंच कर मामले की जांच की। फिलहाल इस घटना से मंडल कारा की सुरक्षा पर कई सवाल खड़ा हो गया है। जेल में लगे सुरक्षा प्रहरी और अन्य लोगों को अर्लट किया गया है। वहीं घटना की जानकारी तत्काल वरीय पदाधिकारियों को भी दी गई। जानकारी के अनुसार शराब के नशे में एक जवान ने राइफल से ही फायरिंग की है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान ने शराब के नशे में फायरिंग गलती से की है या जवान ने जानबूझकर गोली चलाई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा लातेहार एसपी प्रशांत आनंद भी जेल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने आदेश दिया है कि इस घटना में जो भी दोषी होंगे उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भी जेल पहुंचकर मामले की छानबीन की।

हालांकि अधिकारियों ने अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने से इन्कार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। मामले की जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल लातेहार मंडल कारा में फायरिंग की घटना के बाद मंडल कारा की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।

chat bot
आपका साथी