Rashtriya Bal Puraskar 2021 Winner: रांची की बेटी सविता से PM मोदी ने की बात, कहा- झारखंड की बेटियां कर रहीं कमाल

Rashtriya Bal Puraskar 2021 Winner नरेंद्र मोदी ने सविता से पूछा कि आपने कब और कैसे तय किया कि आपको आर्चरी में ही अपना करियर बनाना है। सविता ने कहा कि उसे राष्ट्रगान बजते सुनना बहुत उत्साहित करता है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 02:26 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 07:45 PM (IST)
Rashtriya Bal Puraskar 2021 Winner: रांची की बेटी सविता से PM मोदी ने की बात, कहा- झारखंड की बेटियां कर रहीं कमाल
सविता कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी की फाइल फोटो।

रांची, [संजीव रंजन]। Rashtriya Bal Puraskar 2021 Winner झारखंड की बेटियां खेल के क्षेत्र में बड़े कमाल कर रही हैं। छोटे-छोटे गांवों से ऐसी प्रतिभाएं निकल रही हैं, जिसका लोहा पूरा विश्व मान रहा है। यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सविता कुमारी से संवाद करते हुए कही। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों के 32 बच्चों का चयन किया गया है। इसमें रांची जिले के सोनाहातू प्रखंड के टांगटांग गांव की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सविता भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का कार्यक्रम रांची के उपायुक्त के कार्यालय से हुआ। प्रधानमंत्री से संवाद करने वाली सविता दूसरी प्रतिभागी थीं। पुरस्कार में सविता कुमारी को एक लाख नकद, प्रशस्ति पत्र व मेडल दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर भी सविता को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा है- 'साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली झारखंड की सविता कुमारी ने अपनी लगन और प्रतिभा के बल पर तीरंदाजी में देश को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए उन्हें अनंत शुभकामनाएं।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद में सबसे पहले सविता को बधाई देते हुए पूछा कि तीरंदाजी सीखने की प्रेरणा उन्हें कहां से मिली। यह पूरे भारत को जानना चाहिए कि झारखंड के जंगल में वहां की बेटियां कैसे खेल में पराक्रम करती हैं। आपकी बात सुनकर देश के बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने पूछा कि परिवार ने इसमें तुम्हारी कैसे मदद की। सविता ने कहा कि तीरंदाजी का शौक उन्हें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जाने के बाद हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार की वह पहली खिलाड़ी हैं, जो खेल में हैं। लेकिन, उन्हें माता-पिता का सहयोग हमेशा मिला है।

मोदी ने पूछा, आपने देश के लिए मेडल जीतना शुरू कर दिया है, बताएं कि आपको कहां तक खेलना है। सविता ने बताया, मुझे इंटरनेशनल मेडल जीतना है। जब देश का राष्ट्रीय गान बजता है, तो मुझे काफी अच्छा लगता है। यह पूछे जाने पर कि जब आप बाहर खेलने जाती हैं तो डर नहीं लगता, सविता ने कहा- नहीं उस समय मैं सर (कोच) के साथ जाती हूं। मोदी ने कहा कि आप ओलंपिक में मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाएं, यह मेरी शुभकामना है। झारखंड की बेटियां हर खेल में कमाल करती हैं। इसे पूरा विश्व मानता है। झारखंड की बेटियां खेल में कैसे अपना स्थान बना रही हैं, यह देश देख रहा है। आप भविष्य में और बेहतर करें।

सपने में नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री जी से बात करूंगी

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए चयनित सविता कुमारी ने कहा कि वह सपने में भी नहीं सोची थी कि वह यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से बात करेंगी। कहा- सोचा अवश्य करती थी कि कभी मौका मिलेगा, तो उनसे बात करूंगी। लेकिन, आज उन्होंने जैसे ही मेरा नाम लिया, तो मैं नर्वस हो गई थी। जब उन्होंने मुझे संबोधित कर कुछ पूछा, तो बड़ी मुश्किल से मैं जवाब दे पाई।

सविता ने कहा- अपनेपन से उन्होंने मुझसे बात की, तो मुझे विश्वास नहीं हुआ कि मैं प्रधानमंत्री से बात कर रही हूं। यह देख कर मुझे अच्छा लगा कि प्रधानमंत्री जी भी झारखंड की खेल प्रतिभाओं से वाकिफ हैं। आज का दिन मैं ताउम्र नहीं भूल पाउंगी। उन्होंने जिस तरह हमारे राज्य की खेल प्रतिभाओं की तारीफ की, उससे लगता है कि यहां तीरंदाजी का विकास और तेजी से होगा।

'बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी की सविता कुमारी ने राज्य का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री की सादगी व खेल के प्रति उनकी जानकारी ने हम सबको काफी प्रभावित किया है। उम्मीद है कि प्रदेश में तीरंदाजी की कई अन्य प्रतिभाएं जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पटल पर मान बढ़ाएंगी।' - प्रकाश राम, कोच, बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी, सिल्ली, रांची।

chat bot
आपका साथी