रांची के हरमू में फैंटम रेस्टोरेंट को नगर निगम ने किया सील, अतिक्रमण कर किया गया अनधिकृत निर्माण
Jharkhand Hindi News Ranchi News कोर्ट के आदेश के आलोक में हरमू रोड स्थित पेंटागन बिल्डिंग के पांचवें तल्ले पर स्थित फैंटम रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है। संचालक को खुद से अतिक्रमण हटाने के लिए एक माह का वक्त दिया गया था।
रांची, जासं। अवैध निर्माण के खिलाफ रांची नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में सोमवार को उप नगर आयुक्त के कोर्ट-2 के आदेश के आलोक में हरमू रोड स्थित पेंटागन बिल्डिंग के पांचवें तल्ले पर स्थित फैंटम रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया। इस दौरान निगम के टाउन प्लानर अरुण कुमार, श्रीकांत शरण, सहायक नगर आयुक्त डॉ. ज्योति कुमार और इंजीनिरिंग विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।
बिल्डिंग पर पूर्व में भी रांची नगर निगम द्वारा अनधिकृत निर्माण वाद दर्ज किया गया था। बिल्डिंग को सील करने का तथा अपसारित करने का आदेश 4 अगस्त को पारित किया गया था और संचालक को खुद से अतिक्रमण हटाने के लिए एक माह का वक्त दिया गया था। लेकिन मियाद पूरी होने के बाद जब अवैध निर्माण को नहीं हटाया गया तो रांची नगर निगम की टीम रेस्टोरेंट को सील करने पहुंच गई। रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है। नगर निगम के आदेश के विरुद्ध पेंटागन बिल्डिंग के मालिक द्वारा अपील की गई है। यह वर्तमान में अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष लंबित है।
सेमिनार में समाजसेवियों को मिला सम्मान
झारखंड जन जागृति मिशन की ओर से सोमवार को सेमिनार का आयोजन चूना भट्ठा जयप्रकाश नगर स्थित विश्वकर्मा सेवा भवन में किया गया। सेमिनार का विषय 'कल आज और कल' रखा गया था। इस अवसर पर कई समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेंट्रल यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार केडी तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि विनय कुमार सिंह ने किया। अध्यक्षता झारखंड जन जागृति मिशन के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने की। संचालन केंद्रीय महासचिव विक्रांत विश्वकर्मा ने किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी विनय कुमार सिंह, ग्रामीण उपकार संस्थान की अध्यक्ष अजय खाखा ज्योति महिला विकास समिति की अध्यक्ष उषा देवी, विश्वकर्मा वेलफेयर सोसाइटी के कोषाध्यक्ष उदय कुमार, विश्वकर्मा युवा मंच के महासचिव राकेश कुमार शर्मा, सूर्या कुमारी, पुष्पा विश्वकर्मा, कोमल कुमारी, संध्या देवी, रूबी सिन्हा को शॉल और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मिशन के केंद्रीय उपाध्यक्ष रमेश मिस्त्री, बजरंग शर्मा, नरेश सिंह, शिव नंदन प्रसाद, अधिवक्ता अमित कुमार सिन्हा, शिवनंदन प्रसाद ने सहयोग किया।