खूंटी में चर्च में ताला लगाने को लेकर पादरी व विहिप नेता आमने-सामने, जांच में जुटी पुलिस

Khunti Jharkhand News पादरी ने चर्च में जबरन ताला जड़ने का आरोप लगाया। विहिप नेता ने भी पादरी के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। पुलिस जांच में जुटी है। देर रात तक दोनों पक्षों के लोग थाने में जुटे रहे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 11:48 AM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 11:53 AM (IST)
खूंटी में चर्च में ताला लगाने को लेकर पादरी व विहिप नेता आमने-सामने, जांच में जुटी पुलिस
Khunti Jharkhand News पादरी ने चर्च में जबरन ताला जड़ने का आरोप लगाया।

तोरपा (खूंटी), जासं। खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड के पंडरिया नवाटोली स्थित विश्व वाणी चर्च के पादरी सामुएल तिड़ू ने तोरपा थाने में आवेदन देकर विश्व हिंदू परिषद के कुछ नेताओं पर चर्च में जबरन ताला जड़ने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विहिप नेता प्रिया मुंडा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ जबरन चर्च का ताला तोड़ कर नया ताला जड़ दिया। वहीं दूसरी ओर विहिप नेता प्रिया मुंडा ने भी कार्रवाई की मांग को लेकर पादरी सामुएल तिड़ू पर झूठा आरोप लगाने और गांव के लोगों को बहकाने का आरोप लगाया है।

थाने को सौंपे आवेदन में प्रिया ने कहा है कि वह एक न्यूज चैनल के साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एक स्टोरी बनाने के लिए पंडरिया नवाटोली गई थीं। इसी क्रम में वह अपने साथियों के साथ गांव के पादरी सामुएल तिड़ू से भी बात करने गई थीं। इसी बीच कुछ लोगों ने खुद ही चर्च का ताला तोड़कर नया ताला लगाते हुए उन पर ताला तोड़ने का आरोप लगा दिया। सामुएल तिड़ू के समर्थकों ने उनकी गाड़ी के टायर भी किसी धारदार हथियार से काट दिए।

उधर सामुएल तिड़ू ने आरोप लगाया है कि ये लोग मसीही विश्वासियों को डराने-धमकाने आए थे। सोमवार को देर रात तक तोरपा थाना में दोनों पक्ष के लोग जुटे रहे। मामले की सूचना मिलने के बाद तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश तिवारी तोरपा थाना पहुंचे और जानकारी ली। मामले पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से आवेदन ले लिया गया है। मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोग जमे रहे।

chat bot
आपका साथी