स्लोगन व पोस्टर से बताया स्वच्छ व सुंदर पृथ्वी का महत्व, पौधारोपण के लिए किया जागरुक Ranchi News
Jharkhand News Hindi Samachar विश्व पृथ्वी दिवस पर सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर जागरुक करने तथा उन्हें अपने ग्रह को और भी अधिक सुंदर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
रांची, जासं। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुरेंद्रनाथ सेंटेनरी स्कूल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर जागरूक करने और उन्हें अपने ग्रह को और भी अधिक सुंदर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कक्षा चार के छात्रों ने स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, पौधारोपण आदि में भाग लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने पड़ोसियों को पौधे भेंट करके अपने इलाके में जागरुकता भी फैलाई। 1970 और अब 2021 में 'पृथ्वी' विषय पर एक ऑनलाइन कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, रांची के अतिथि वैज्ञानिक रवींद्र कुमार सिंह ने छात्रों ने प्रकृति के संरक्षण का महत्व बताया।
उन्होंने ड्रिप कृषि के बारे में भी जानकारी दी। सीनियर कक्षा के छात्रों ने अपनी पेंटिंग के माध्यम से पृथ्वी के चेहरे को चित्रित करते हुए अपनी कल्पना को पंख दिए। उन्होंने प्रकृति से संबंधित नृत्य और गीत भी प्रस्तुत किए। इसी विषय पर नौवीं कक्षा की रीशा हिमांशी ने भाषण दिया। स्कूल की प्राचार्या स्मिता सिन्हा ने कहा कि हम सभी के लिए अपनी आदतों व जीवनशैली को बदलने का समय है। हमने अपने ग्रह पृथ्वी को बहुत नुकसान पहुंचाया है और अब हमें आत्मचिंतन करने और समझदारी से काम लेने की जरूरत है।