Ranchi news : कोरोना की दूसरी लहर आई और संतरे ने मार दिया शतक

कोरोना संक्रमण के दौर में आलू-प्याज भूल जाइए। खबर है कि संतरे ने शतक लगा लिया है। रांची की फल मंडी में संतरा 100 रुपये किलो बिक रहा है। कोरोना की दूसरी लहर आने से पहले तक यह 50 से 60 रुपये किलो बिक रहा था। जबरदस्त छलांग लगाई है।

By Sanjay Kumar SinhaEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 06:00 AM (IST)
Ranchi news : कोरोना की दूसरी लहर आई और संतरे ने मार दिया शतक
रांची की फल मंडी में संतरा 100 रुपये किलो बिक रहा

रांची (जासं) : कोरोना संक्रमण के दौर में आलू-प्याज भूल जाइए। खबर है कि संतरे ने शतक लगा लिया है। रांची की फल मंडी में संतरा 100 रुपये किलो बिक रहा है। कोरोना की दूसरी लहर आने से पहले तक यह 50 से 60 रुपये किलो बिक रहा था। लेकिन अब इसने जबरदस्त छलांग लगाई है। यही नहीं, विटामिन सी से भरपूर नींबू ने भी जबरदस्त प्रहार किया है। बढिय़ा क्वालिटी का नींबू (कागजी नींबू) 15 से 20 रुपये जोड़ा बिक रहा है। वहीं सामान्य नींबू 10 रुपये जोड़ा बाजार में मिल रहा है। 

बाजार का हाल : 10 दिनों में दोगुना बढ़ गई फलों की मांग 

हरमू फल मंडी के व्यापारी सरफराज बताते हैं कि पिछले दस दिनों में फलों की मांग दो गुना बढ़ गई है। केवल रांची ही नहीं, राज्य के हर शहर के बाजार का यही हाल है। सबसे ज्यादा किनु, संतरा, नींबू, मौसमी, अन्नानास और अंगूर के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इसका असर ऊपर की बड़ी मंडियों पर पड़ा है। इससे माल का दाम आगे से बढ़कर आ रहा है। हालांकि मंडी में सभी फलों की आवक सामान्य है। साथ ही सेव और केले के दाम भी आगे से बढ़कर आ रहे हैं।

संक्रमण से बचाव में बदला लोगों का खानपान : कोरोना के बढ़ते संक्रमण का खौफ अब लोगों के खानपान पर दिखने लगा है। संक्रमण से बचाव के लिए लोग विटामिन-सी युक्त फलों की अधिक खरीदारी कर रहे हैं। इससे इन फलों के दाम में औसत रूप से 25 फीसद की तेजी आई है। कई स्थानों पर दाम दो गुना तक बढ़ गए हैं। 

दस दिनों में संतरे के दाम में 50 रुपये की आई तेजी 

व्यापारी बता रहे हैैं कि पिछले दस दिनों में संतरे के भाव में 50 रुपये की तेजी आई है। दस दिनों पहले तक संतरा 40 रुपये किलो मिल रहा था। मगर अब भाव 90-100 रुपये किलो के बीच में है। वहीं नींबू का दाम भी प्रति किलो लगभग 40 रुपये बढ़ गया है। पहले नींबू कागजी (बेस्ट) 120 रुपये था, अब बाजार में 160 रुपये किलो मिल रहा है।

गर्मियों में बढ़ जाते हैं फल के दाम

गर्मियों के मौसम में वैसे ही फलों के दाम बढ़ जाते हैं। इसका कारण है कि फल जल्दी सूखते और खराब होते हैं। साथ ही मांग बढऩे से बाजार पर बोझ आया है। ऊपर से अभी फलों का सीजन नहीं है। गर्मी के मौसम में फल जैसे तरबूज बाजार में हर जगह 20-30 रुपये किलो उपलब्ध है।

अनस मोहम्मद, फल व्यापारी, डेली मार्केट। 

 

शरीर के लिए क्यों खास है विटामिन सी

विटामिन सी एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। ये हड्डियों, त्वचा और रक्त वाहिकाओं के गठन और उन्हें स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। फल और सब्जियों में यह प्राकृतिक रूप से पाया जाता है। विटामिन-सी हृदय रोग, एनीमिया, कोलेस्ट्रोल लेवल को कम करने के साथ डायबिटीज जैसी बीमारियों को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाता है।

डा. संजय कुमार, विभागाध्यक्ष मेडिसीन, रिम्स। 

फल        पहले का दाम        वर्तमान कीमत (रुपये में)

संतरा        50            90

किनु        35            70

अंगूर        80            100

नींबू        120            160

सेब        110            130

अनार        100            140

तरबूज        20            20 

एक नींबू में क्या-क्या है पोषक तत्व 

कार्बोहाइड्रेट : 5.41 ग्राम 

कैल्सियम : 15.1 मिलीग्राम 

आयरन : 0.35 ग्राम 

मैग्नीशियम : 4.6 एमजी 

फॉस्फोरस : 9.3 एमजी 

पोटैशियम : 80 एमजी 

सेलेनियम : 0.2 एमसीजी

विटामिन सी : 30.7 एमजी 

फोलेट : 6.4 एमसीजी 

कोलीन : 3.0 एमजी 

विटामिन ए : 0.6 एमसीजी 

लूटिन +जिजैैंथीन : 6.4 एमसीजी 

इम्युनिटी बढ़ाने के लिए करें गिलोय, तुलसी, कालीमिर्च के काढ़े का सेवन

आयुर्वेद की कई जड़ी-बूटियां हैं जो हमारी प्रतिरोधक क्षमता को बहुत ही जल्द और सहजता से बढ़ाती हैं जैसे गिलोय, तुलसी, कालीमिर्च का काढ़ा। यह बाजार में आसानी से उपलब्ध भी है। आयुर्वेदिक औषधियों में वैसे तो लक्षण के हिसाब से अनेकों दवा हैं। अगर हम गिलोयघन वटी, महासुदर्शन टैबलेट एवं चंद्रप्रभा वटी की दो-दो गोलियां सुबह-शाम लें तो बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे। कोरोना संक्रमण का दौर है। ऐसे में विटामिन सी युक्त पदार्थ जैसे-नींबू, संतरा, आंवला, अंकुरित अनाज, सलाद आदि जरूर लें। शारीरिक परिश्रम अवश्य करें। तला-छना हुआ या बासी खाद्य पदार्थ से दूर रहें। इन उपायों से ही हम कोरोना सहित अन्य बीमारियों से बचाव कर सकते हैैं। डा. (वैद्य)संपूर्णानंद मिश्र

संस्थापक, आयुर्वेद सेवाश्रम रांची। 

chat bot
आपका साथी