मुरहू में धारदार हथियार से एक की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस
खूंटी खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात धारदार हथियार से हत्या कर दी।
जागरण संवाददाता, खूंटी : खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात धारदार हथियार से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक 38 वर्षीय श्रीकांत सिंह मुंडा कुंदी बड़टोली का रहने वाला था और वह राजमिस्त्री का काम करता था। मृतक के भाई बुधराम मुंडा ने बताया कि रोज की तरह वह खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने दूसरे मकान की ओर जा रहा था कि रास्ते में ही किसी ने उसकी हत्या कर दी। अज्ञात हत्यारों ने धारदार हथियार से वारकर चारिद गांव के समीप उसकी हत्या की है। मृतक के चेहरे पर गहरे जख्म का निशान था। घटना करीब रात नौ बजे की है। पुलिस को इसकी सूचना रात करीब दस बजे मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक छानबीन करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। इस संबंध में मुरहू थाना प्रभारी विक्रांत कुमार ने बताया कि मृतक के पिता एतवा मुंडा के बयान पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने बताया कि श्रीकांत की हत्या धारदार कुल्हाड़ी से वारकर किए जाने की जानकारी मिल रही है।
दूसरी पत्नी के साथ रहता था श्रीकांत
मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। वह पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी पत्नी के साथ बुरजू गांव में रहता था। उसकी पहली पत्नी को उसका भाई ही शादी कर लिया है। उसका एक बेटी भी है। मृतक के भाई ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।