तमाड़ में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर वृद्धा को पीटा, प्राथमिकी दर्ज

तमाड़ थाना क्षेत्र की डिबुजर्दा पंचायत के भिसायडीह गांव में एक अक्टूबर को गांव की वृद्धा की पिटाई की गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 06:23 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:23 AM (IST)
तमाड़ में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर वृद्धा को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
तमाड़ में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर वृद्धा को पीटा, प्राथमिकी दर्ज

संस, तमाड़ : तमाड़ थाना क्षेत्र की डिबुजर्दा पंचायत के भिसायडीह गांव में एक अक्टूबर को गांव की मंगला देवी (70) पर डायन-बिसाही होने का आरोप लगा कर मारपीट की गई थी। पुलिस को घटना का एक वीडियो भी मिला है। इसी से आरोपियों का पता लगा कर पुलिस ने इस मामले में शनिवार को संपारी देवी, सुंदरमणि देवी और पार्वती देवी समेत 15 लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में पुरुष के साथ ही कई महिलाएं भी शामिल हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दोपहर को गांव में छापामारी की मगर, कोई गिरफ्तार नहीं हुआ। आरोपी गांव छोड़ कर फरार हो गए हैं। आरोपियों में कई महिलाएं भी शामिल हैं।

घटना के वक्त भिसायडीह गांव में बुजुर्ग महिला मंगला देवी अकेली थी। उसका बेटा मनसुख स्वांसी रांची में था। आरोपितों ने इसका फायदा उठाया। गांव की एक महिला ने अफवाह फैला दी कि उसकी बेटी को जादू-टोना किया गया है। इसके बाद 14-15 महिला व पुरुष मंगला देवी के घर गए और जबरन उसे खींच कर घर से बाहर लाए और अपने घर के पास ले गए। वहां मंगला देवी से मारपीट की गई। गांव के कुछ लोगों ने बीच बचाव कर मंगला की जान बचाई। इस पूरे घटनाक्रम का एक लड़की ने वीडियो भी बनाया। ये वीडियो बाद में वायरल हो गया। मंगला की बहू देवयानी देवी ने अपने पति मनसुख को घटना के बारे में जानकारी दी। मां पर हुए हमले की खबर मिलने के बाद मनसुख गांव पहुंचा। वो मामले की शिकायत करने थाने जा रहा था। मगर, गांव के कुछ लोगों ने उसे रोक दिया और मामला गांव में ही पंचायत कर सुलझाने को कहा। इसके बाद गांव में कई बैठकें हुईं, मगर मामला नहीं सुलझा। इसके बाद पीड़िता मंगला देवी, पीड़िता का पुत्र मनसुख स्वांसी और पीड़िता की बहू देवयानी देवी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार के कार्यालय बुंडू पहुंचे और आपबीती सुनाई। साथ ही घटनास्थल पर बनाया गया वीडियो भी दिखाया। एक वीडियो में सात-आठ महिलाएं वृद्धा मंगला देवी पर तंत्र-मंत्र करती नजर आ रही हैं। एक युवक वृद्धा के सामने कुछ तंत्र मंत्र का सामान भी रखता नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अजय कुमार ने तमाड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह से फोन पर मामले की जानकारी दी और इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने को कहा।

थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के द्वारा मामले पर एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इधर, घटना के संबंध में पीड़िता के पुत्र मनसुख स्वांसी ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इससे समाज के बीच डायन बिसाही से कुरीति को मिटाया जा सके। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में छापामारी की है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

- नौशाद आलम, ग्रामीण एसपी

chat bot
आपका साथी