रिम्स से फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस ने बिहार से किया गिरफ्तार

रिम्स से फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस की टीम में किया गिरफ्तार कर लिया है। कृष्ण मोहन झा की गिरफ्तारी बिहार से हुई है। उसे लेकर पुलिस टीम रांची के लिए रवाना हो गई है। सुरक्षा कारणों से लोकेशन की जानकारी को गोपनीय रखा गया है।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 03:46 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 03:46 PM (IST)
रिम्स से फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस ने बिहार से किया गिरफ्तार
रिम्स से फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।

रांची, जासं। रिम्स से 19 सितंबर की सुबह फरार कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा को रांची पुलिस की टीम में किया गिरफ्तार कर लिया है। कृष्ण मोहन झा उर्फ अभय, उर्फ धनंजय उर्फ काली झा की गिरफ्तारी उसके बिहार के मुजफ्परपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के बथना परिया गांव स्थित पैतृक आवास से हुई है। बरियातू थाना क्षेत्र के रिम्स स्थित मेडिसिन वार्ड में इलाजरत नक्सली कृष्ण मोहन झा को उसके दोस्त ने ही प्लानिंग के तहत अपने साथ भगा ले गया था। पुलिस ने फरार अपराधी कृष्ण मोहन झा  के साथ उसके दोस्त मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया है। कृष्णमोहन झा उम्र कैद का सजायाफ्ता है।

गिरफ्तार सजायाफ्ता अपराधी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि रिम्स में अच्छा इलाज नहीं होने की वजह से उसके दोस्त मुकेश ने अपने साथ भगा ले जाने का प्लान तैयार किया था। पुलिस देर शाम तक सजायाफ्ता कैदी और उसके दोस्त को लेकर रांची पहुंचेगी। मालूम हो कि 19 सितंबर की अहले सुबह मुकेश अपने दोस्त कृष्ण मोहन झा को रिम्स से अपने साथ भगा ले गया था। इलाजरत अपराधी के भागने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।

ज्ञात हो कि अपहरण व हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहा कुख्यात अपराधी कृष्ण मोहन झा रविवार 19 सितंबर की सुबह करीब तीन बजे रिम्स से फरार हो गया। वह रिम्स के मेडिसिन वार्ड में डॉ सीबी शर्मा की देखरेख में इलाजरत था। पिछले 27 दिनों से उसका इलाज रिम्स में चल रहा था। वह लीवर संक्रमण से पीड़ित है। उसने मुख्यमंत्री, मुख्य न्यायाधीश को आवेदन लिख कर जान बचाने की गुहार लगायी थी और लोगों से आर्थिक मदद भी मांगी थी।

रिम्स में उसकी देखरेख में उसकी मां भी थी। शनिवार की शाम उससे मिलने के लिए उसका भाई रिम्स आया था। उसने शाम को अपराधी कृष्ण मोहन झा की सुरक्षा में तैनात जवानों को रसगुल्ला भी खिलाया था। यहां उसे हथकड़ी भी नहीं लगाई गई थी। रविवार की सुबह तीन बजे अपराधी अपनी मां के साथ रिम्स से फरार हो गया।

उसने झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित असवाल चौक और लातेहार के अंबा कोठी में भी अपना आवास रखा था। गत 24 अगस्त को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार से इलाज के लिए उसे रिम्स लाया गया था। उसकी सुरक्षा में कक्षपाल करमचंद मरांडी के अलावा दो भूतपूर्व सैनिक कक्षपाल मोरहा भगत व एरोस तिर्की को लगाया गया था। अपराधी कृष्ण मोहन झा के खिलाफ रांची के सुखदेव नगर थाने में अपहरण हत्या के अलावा मुसहरी, लातेहार बरवाडीह, गुमला और पूसा थाने में अपहरण हत्या व मारपीट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

chat bot
आपका साथी