Jharkhand: रांची में एक भी कोरोना संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं, फिर भी सावधानी को न करें नजरअंदाज

Jharkhand राजधानी रांची में एक भी संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं है। सबसे बड़े अस्पताल रिम्स और सदर से लेकर प्रखंडों तक के अस्पतालों में पॉजिटिव मरीज नहीं हैं। इतना ही नहीं निजी अस्पतालों में भी कोई पॉजिटिव मरीज भर्ती नहीं है।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 02:00 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 02:00 PM (IST)
Jharkhand: रांची में एक भी कोरोना संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं, फिर भी सावधानी को न करें नजरअंदाज
रांची में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हो रही है।

रांची,जासं : कोरोना की संभावित तीसरी लहर अब थमने लगी है। लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हो रही है। राजधानी रांची में एक भी संक्रमित अस्पताल में भर्ती नहीं है। सबसे बड़े अस्पताल रिम्स और सदर से लेकर प्रखंडों तक के अस्पतालों में पॉजिटिव मरीज नहीं हैं। इतना ही नहीं निजी अस्पतालों में भी कोई पॉजिटिव मरीज भर्ती नहीं है। जिले में अभी एक्टिव केस मिलाकर 0.08 प्रतिशत ही पॉजिटिव मरीज हैं। जबकि सूबे में पिछले वर्ष की तुलना में 65 प्रतिशत मरीजों की संख्या में कमी आई है।

ब्लैक फंगस के चार मरीज ही इलाजरत :

कोरोना संक्रमितों की संख्या अस्पतालों में शून्य हो गई है। वहीं राज्य में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या अस्पताल में फिलहाल चार ही है। यह चारों मरीज रांची के रिम्स में इलाजरत हैं। डाक्टरों का कहना है कि अभी लोगों को काफी संभल कर रहने की जरूरत है। कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम हुआ है। फिर भी लोगों को मास्क लगाने, सेनिटाइजर का प्रयोग और शारीरिक दूरी बनाकर रहने की जरूरत है।

रांची के सिविल सर्जन डा विनोद कुमार बताते हैं कि कोरोना मरीजों के लिए जिले के सभी अस्पतालों में इलाज की पूरी व्यवस्था पिछले माह से ही की जा चुकी है। इसके बाद भी बताया जा रहा है कि तीसरी लहर आ सकती है। इसके लिए हर स्तर से तैयारी है। लेकिन, जिस तरह से संक्रमितों के मिलने का प्रतिशत कम हुआ है वो अच्छे संकेत है। लोग जागरूक हुए हैं, लेकिन केरल में लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है, जो चिंता का विषय है। इसे देखते हुए अभी अस्पतालों को एलर्ट रहने का निर्देश मिला है।

राज्य में दो माह से कोई संक्रमित की मौत नहीं :

सूबे के कई जिलों में नए संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थम गया है। सिर्फ जमशेदपुर और रांची में कुछ कोरोना संक्रमित हर दिन मिल रहे हैं। अभी रांची में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 40 है। जबकि जमशेदपुर में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर चार तक पहुंच गई है। लगातार इन जिलों में संक्रमित कम मिल रहे हैं। साथ ही अन्य जिलों में भी कोरोना के एक्टिव केस की संख्या में कमी आई है। अभी सभी जिलों को मिलाकर कुल 72 एक्टिव केस हैं, जिनमें से सभी का इलाज घरों पर चल रहा है। अभी दस दिनों का आंकड़ा देखे तो राज्य में सबसे अधिक रांची से करीब 50 मरीज मिले हैं।

chat bot
आपका साथी