National Voters Day 2021: राज्‍यपाल ने रांची, सिमडेगा व पश्चिमी सिंहभूम के DC को किया सम्‍मानित

National Voters Day 2021 Jharkhand News राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सभी मतदाताओं से जाति धर्म भाषा संप्रदाय प्रलोभन आदि से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। कहा कि सभी मतदाता सशक्त और जागरूक बनें।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 12:45 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 08:11 PM (IST)
National Voters Day 2021: राज्‍यपाल ने रांची, सिमडेगा व पश्चिमी सिंहभूम के DC को किया सम्‍मानित
रांची में डीसी को सम्‍मानित करतीं राज्‍यपाल द्रौपदी मुर्मू। जागरण

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सभी मतदाताओं से जाति, धर्म, भाषा, संप्रदाय, प्रलोभन आदि से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि सभी मतदाता सशक्त और जागरूक बनकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। राज्यपाल सोमवार को 11वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने वैसे सभी योग्य मतदाताओं से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की भी अपील की, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है।

राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र का आधार जनमत है और जनमत का आधार है मतदान। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर किसी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डा. रमेश पांडेय ने भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार के प्रयोग को जरूरी बताया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हम सभी प्रण लें कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।

इस अवसर पर राज्यपाल ने स्टेट आइकान पद्मश्री मुकुंद नायक, पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशुंता लकड़ा तथा रंगकर्मी अजय मलकानी सहित कई वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करनेवाले तीन उपायुक्तों सहित 14 पदाधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राज्यपाल ने 18 वर्ष पूरा कर पहली बार मततदाता बने युवाओं को मतदान पहचान पत्र सौंपा।

इससे पहले भारत निर्वाचन आयुक्त के मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ई-एपिक भी लांच किया गया, जिसके माध्यम से अब मतदाता अपने मोबाइल पर ही मतदान पहचान पत्र प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक परंपरा की मर्यादा कायम रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, रांची उपायुक्त छवि रंजन आदि भी उपस्थित थे।

ये पदाधिकारी हुए सम्मानित

- छवि रंजन, उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची।

- सुशांत गौरव, उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सिमडेगा।

- अरवा राजकमल, उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, प. सिंहभूम

- विजय कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता, बोकारो।

- नंद किशोर लाल, निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, पोटका विधानसभा क्षेत्र।

- जयवद्र्धन कुमार, निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र।

- विशालदीप खलखो, उपनिर्वाचन पदाधिकारी, देवघर।

- प्रियंका सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां।

- श्वेता गुप्ता, अवर सचिव, राज्यपाल सचिवालय।

- हीरालाल मंडल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग।

- गीता चौबे, उप निर्वाचन पदाधिकारी, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग।

- संजय प्रसाद श्रीवास्तव, अवर सचिव, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग।

- नवल किशोर राय, अवर सचिव, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग।

- कृष्ण कुमार, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में भवनाथपुर विस को पहला स्थान

मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र को झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस पलब्धि के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी जयवद्र्धन कुमार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जनगणना के अनुरूप मतदाता सूची में राज्य में सबसे अधिक योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ने, सुधार करने और महिला लिंगानुपात बढ़ाने में भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र को यह पहला स्थान मिला है।

chat bot
आपका साथी