नगर निगम खोलेगा पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिग स्टेशन खोलने पर भी हो रहा विचार

रांची नगर निगम अब अपना पेट्रोल पंप खोलने जा रहा है। ऐसा फर्जीवाड़ रोकने के लिए किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 08:01 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 08:01 AM (IST)
नगर निगम खोलेगा पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिग स्टेशन खोलने पर भी हो रहा विचार
नगर निगम खोलेगा पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिग स्टेशन खोलने पर भी हो रहा विचार

जागरण संवाददाता, रांची : रांची नगर निगम अब अपना पेट्रोल पंप खोलने जा रहा है। ऐसा फर्जीवाड़ा रोकने को किया जा रहा है। इस पेट्रोलपंप के खुलने से नगर निगम की सभी गाड़ियों को इसी पेट्रोल पंप से डीजल व पेट्रोल दिया जाएगा। इससे निगम की बचत भी होगी। साथ ही इस पेट्रोल पंप के जरिए निगम की आमदनी बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है। बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों ने इंडियन आयल कारपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। साथ ही, राजधानी के पर्यावरण को सुधारने के लिए निगम शहर में चार्जिंग स्टेशन और सीएनजी स्टेशन खोलने पर भी विचार कर रहा है।

नगर निगम की अपनी 500 से अधिक गाड़ियां हैं। इन गाड़ियों में पेट्रोल व डीजल भराने के नाम पर फर्जीवाड़ा होता है। अक्सर कर्मी गाड़ियों में ईंधन कम भरवाते हैं और नगर निगम से रुपये ज्यादा उठा लेते हैं। महीना भर पहले इस तरह का एक मामला सामने आया था। फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद, मामले की जांच हुई। जांच के बाद अरगोड़ा थाने में प्राथिमकी दर्ज कराने के बाद फर्जीवाड़ा करने वाले तीन लोगों को जेल भेजा गया। इस तरह हर महीने लाखों रुपये का चूना लगाया जा रहा है। नगर निगम इस पेट्रोल पंप से पेट्रोल आम लोगों को भी बेचने पर विचार कर रहा है। ऐसा हुआ तो निगम को अतिरिक्त आमदनी भी होगी।

---

पेट्रोल पंप खोलने में निगम नहीं खर्च करेगा पैसा

पेट्रोल पंप खोलने में निगम अपना पैसा नहीं खर्च करेगा। ये पेट्रोल पंप निगम की ही जमीन पर खुलेंगे। मगर, इसे कंपनियां तैयार करेंगी। पेट्रोल पंप खुलने से पेट्रोल कंपनियों को व्यवसाय मिलेगा। अभी ये तय नहीं हुआ है कि कौन सी कंपनी पेट्रोल पंप खोलेगी। नगर निगम में बुधवार को हुई बैठक में इंडियन आयल कारपोरेशन और भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दोनों कंपनियों ने अपना अपना प्रेजेंटेशन दिया। निगम शहर में पेट्रोल पंप खोलने के लिए जमीन चिन्हित करने में लग गया है।

------

इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए खुलेंगे चार्जिंग स्टेशन

शहर में इलेक्ट्रिक व बैट्री से चलने वाले वाहनों की संख्या बढ़ रही है। इन वाहनों को प्रोत्साहित करने और शहर के पर्यावरण में सुधार करने के लिए निगम शहर में चार्जिंग स्टेशन भी खोलने पर विचार कर रहा है। यहां इलेक्ट्रिक व बैट्री चलित वाहन चार्ज किए जाएंगे। नगर निगम का ये प्रस्ताव अभी शुरुआती स्थिति में है। इस पर बातचीत चल रही है।

chat bot
आपका साथी