नगर निगम ने फूड वैन व बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों से वसूला 5 लाख 20 हजार रुपये जुर्माना

रांची नगर निगम ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर कानून तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Feb 2021 09:00 AM (IST) Updated:Tue, 09 Feb 2021 09:00 AM (IST)
नगर निगम ने फूड वैन व बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों से वसूला 5 लाख 20 हजार रुपये जुर्माना
नगर निगम ने फूड वैन व बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों से वसूला 5 लाख 20 हजार रुपये जुर्माना

जागरण संवाददाता, रांची : रांची नगर निगम ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर कानून तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला है। सभी से कुल पांच लाख 20 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार चलता रहेगा। यह अभियान सड़कों को जाम मुक्त बनाने और परिवहन को आसान बनाने के लिए चलाया जा रहा है। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर राजधानी में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। नगर निगम की टीम दोपहर से ही शहर में निकली और कांके रोड, अरगोड़ा, बड़ा तालाब, मेन रोड, लालपुर, कोकर आदि इलाकों में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया। दुकानों में छापामारी की गई। 10 दुकानों में प्लास्टिक के कैरी बैग पाए गए। इन दुकानों से 25000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह तकरीबन पांच दुकानों में डस्टबिन नहीं थी। इन दुकानदारों पर 2000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कांके रोड, बड़ा तालाब, मेन रोड आदि इलाके में कई दुकानों के मालिकों के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं था। दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस दिखाने की मोहलत भी दी गई। पहले तो उन्होंने बताया कि ट्रेड लाइसेंस है। बाद में देने में आनाकानी की और बताया कि अभी लाइसेंस नहीं बना है। इस पर इन दुकानदारों से दो लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पार्किंग क्षेत्र में दुकान लगाने वालों से 35000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। शाम तकरीबन 6:30 बजे नगर निगम की टीम कांके रोड पहुंची। यहां शिकायत थी कि रिलायंस मार्ट के पास सड़क किनारे पार्किंग जोन में फूड वैन लगाई जाती है। इससे सड़क संकरी हो जाती है और आवागमन बाधित होता है। नगर निगम की टीम पहुंची तो देखा कि चार फूड वैन सड़क किनारे लगी हुई है और वहां भीड़ और वाहन खड़े होने से सड़क जाम है। इस पर फूड वैन के मालिकों पर 90 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। यही नहीं बिना अनुमति के प्रचार वाहन चलाए जा रहे थे। नगर निगम की टीम ने देखा कि बिरसा चौक पर एक प्रचार वाहन अपने उत्पाद का प्रचार कर रहा है। उससे पूछताछ करने पर पता चला कि बिना नगर निगम के अनुमति के ही प्रचार किया जा रहा है। इस पर प्रचार वाहन से 96 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। अरगोड़ा और कांके रोड पर कई जगह भवन निर्माण सामग्री भी पड़ी हुई पाई गई। उनके मालिकों पर भी जुर्माना किया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और पार्किंग क्षेत्र में दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी