MS Dhoni फिर बने टॉप करदाता, भरा 28 करोड़ का Income Tax

व्यक्तिगत करदाताओं में महेंद्र सिंह धौनी सबसे ऊपर हैं। इस वर्ष उन्होंने 28 करोड़ रुपये का टैक्स भरा है। यह जानकारी आयकर विभाग रांची के प्रधान आयकर आयुक्त डीएस बेनुपानी ने दी है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 25 Feb 2020 07:07 PM (IST) Updated:Wed, 26 Feb 2020 11:00 PM (IST)
MS Dhoni फिर बने टॉप करदाता, भरा 28 करोड़ का Income Tax
MS Dhoni फिर बने टॉप करदाता, भरा 28 करोड़ का Income Tax

रांची, राज्य ब्यूरो। अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेटर और झारखंड की शान महेंद्र सिंह धौनी एक बार फिर टॉप करदाता बने हैं। धौनी ने इस साल 28 करोड़ का इनकम टैक्स भरा है। व्यक्तिगत करदाता श्रेणी में महेंद्र सिंह धौनी सबसे ऊपर हैं। इस वर्ष उन्होंने अपनी कुल कमाई में से 28 करोड़ रुपये का टैक्स भरा है। वहीं, राज्य के टॉप टैक्स पेयर में सेंट्रल कोल फील्ड लिमिटेड रांची (1100 करोड़), टिमकेन इंडिया लिमिटेड जमशेदपुर, जामीपोल लिमिटेड जमशेदपुर, बिग शॉप रांची, कश्यप मेमोरियल आइ अस्पताल रांची, ब्रदर्श एकेडमी रांची, उदय शंकर प्रसाद रांची शामिल हैं।

राज्य में 4150 करोड़ के आयकर विवाद में 742 अपील लंबित

राज्य में 4,150 करोड़ के आयकर विवाद से संबंधित 742 मामले इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल (आइटीएटी) में लंबित हैं। इनमें आयकर दाता के 2,100 करोड़ व विभाग के 2,050 करोड़ का विवाद शामिल है। अगर कोई आयकर दाता चाहता है कि उसके विवाद का समाधान नीचे हो जाए, तो उसके लिए विवाद से विश्वास योजना शुरू होने जा रहा है, जो मार्च के प्रथम सप्ताह में होगा। आइटीएटी में भी मामले का निपटारा नहीं होने पर पीडि़त पक्ष हाई कोर्ट की शरण में जा सकता है। यह जानकारी आयकर विभाग रांची के प्रधान आयकर आयुक्त डीएस बेनुपानी ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में दी।

मार्च में शुरू होगी विवाद से विश्वास योजना

प्रधान आयकर आयुक्त ने कहा कि राज्य से करीब 10 हजार करोड़ का टैक्स मिलता है। वर्तमान वित्तीय वर्ष का अंतिम त्रैमासिक चल रहा है। अब कर वसूली में सख्ती बरती जाएगी। व्यवसायी वर्ग या नौकरी पेशा वाले ईमानदारी से कर का भुगतान कर दें। जहां-जहां आयकर चोरी करने की गोपनीय जानकारी मिल रही है, वहां सर्वे चलाया जा रहा है, ताकि हकीकत पता चल सके। आयकर का सर्वे पूरे मार्च महीने तक पूरे राज्य में चलेगा। 

रांची में बढ़ी कर वसूली

गत वर्ष की तुलना में रांची सर्किल में कर वसूली बढ़ी है। गत वर्ष 2018-19 में रांची सर्किल में जहां 1,258 करोड़ रुपये की कर वसूली हुई थी, वहीं इस वर्ष 2019-20 में रांची सर्किल में कर की वसूली 1365 करोड़ रुपये है। यह वसूली सर्किल के रांची, खूंटी, सिमडेगा जिले से संबंधित है। 

रांची के टॉप-10 करदाता सीसीएल लिमिटेड : खनन कंपनी। महेंद्र सिंह धौनी : प्रोफेशन, व्यक्तिगत। झारखंड स्टेट विबरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड : कंपनी। आर्सेलर मित्तल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड : निर्माण कंपनी। झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड : कंस्ट्रक्शन कंपनी। पासा रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड : थोक व खुदरा व्यवसायी। रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड : निर्माण कंपनी। लक्ष्मी नारायण मनमोहन लाल : निर्माण कंपनी। रॉकटेक मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड : थोक व खुदरा कारोबारी। राज अस्पताल : स्वास्थ्य सेवा।

रांची के पांच करदाता सहित चार जिलों में आयकर का सर्वे

आयकर विभाग ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के अंतिम दो माह में करदाताओं के यहां सर्वे शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रांची के पांच करदाता सहित जमशेदपुर, धनबाद व हजारीबाग के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सर्वे जारी है। यह सर्वे पूरे मार्च तक चलेगा। आयकर विभाग के प्रधान आयकर आयुक्त डीएस बेनुपानी ने कहा कि आयकर बचाने वालों की पहचान के लिए विभाग का सर्वे जारी रहेगा। यह सर्वे बिहार के भागलपुर, मुजफ्फरपुर व पटना में भी जारी है। 

रांची में यहां चल रहा है आयकर विभाग का सर्वे जय काशी ट्रेडिंग एंड फाइनेंस : टिंबर कारोबारी, एचबी रोड। स्टील ट्रेडर्स : सेवा सदन के समीप। स्टील सेल्स : कोकर। विजय इंफ्रा : ठेकेदार, अरगोड़ा। डॉ. करुणा शाहदेव : बाबा अस्पताल, रातू रोड। 

chat bot
आपका साथी