इस बार चूक गए, अगली बार उतनी ही हिम्मत से लाएंगे मेडल

थोड़ा सा इस बार हम चूक गए लेकिन अगली बार उतनी ही हिम्मत से मेडल लाएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 08:30 AM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 08:30 AM (IST)
इस बार चूक गए, अगली बार उतनी ही हिम्मत से लाएंगे मेडल
इस बार चूक गए, अगली बार उतनी ही हिम्मत से लाएंगे मेडल

जांस, रांची : थोड़ा सा इस बार हम चूक गए, लेकिन अगली बार उतनी ही हिम्मत से मेडल लाएंगे। जहां कमियां हैं उसे सुधारेंगे, मेडल तो पक्का लाएंगे। ओलिंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी ने होटल ग्रीन एकर्स में आयोजित सम्मान समारोह में ये बातें कहीं। दीपिका ने कहा कि मेहनत करेंगे, अधिक से अधिक प्रैक्टिस करेंगे और लक्ष्य अपने देश का नाम रौशन करना है। समारोह में दीपिका के पति और ओलिंपियन तीरंदाज अतानु दास, ओलिंपियन हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को सम्मानित किया गया। समारोह में अतानु दास ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन के बाद थोड़ी चूक रह गई। इसके बावजूद लोगों ने जिस तरह से हमें प्रोत्साहित किया है उसके लिए सभी का आभार जताया। अतानु ने कहा कि 2008 से 2013 तक वो झारखंड की तरफ से खेल चुके हैं।

ओलिंपियन सलीमा टेटे ने कहा कि मैच से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारा उत्साह बढ़ाया था। मैच के बाद भी उन्होंने प्रोत्साहित किया। कहा कि आपने अपना गेम खेला। खूब पसीना बहाया। इसी तरह मेहनत करो। ओलंपियन निक्की प्रधान ने कहा कि कभी नहीं सोचा था कि हारने के बाद भी इतने हमें मोटिवेट किया जाएगा। जब से हमलोग टोक्यो से यहां आए हैं हर दिन कहीं न कहीं हमें सम्मानित किया जा रहा है। इससे हम अभिभूत हैं। हम आगे जरूर जीतेंगे। इससे पहले सभी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संजय सेठ ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हमारी बेटियां अगली बार सोना लेकर जरूर आएंगी। कार्यक्रम में मौजूद विधायक सीपी सिंह ने कहा कि ओलिपिक में पहुंच पाना ही बड़ी बात है। बेटियों ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं उससे बच्चे प्रेरित होंगे। विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि यह गौरव का क्षण है। जब टोक्यो में हॉकी मैच चल रह था तब लगा कि मेडल तो पक्का है। दरअसल, ऐसा आत्मविश्वास देश की बेटियों ने हमें दिया है। समारोह में विधायक समरी लाल, मेयर आशा लकड़ा, इंद्रजीत सिंह व कई खिलाड़ी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी