कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिलाकर दोस्तों ने किया छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, छह गिरफ्तार

Minor Girl Assaulted in Ranchi. झारखंड में रांची के हरमू इलाके की एक छात्रा के साथ कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिलाकर सामूहिक दुष्कर्म हुआ है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 19 Mar 2019 07:36 AM (IST) Updated:Tue, 19 Mar 2019 06:39 PM (IST)
कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिलाकर दोस्तों ने किया छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, छह गिरफ्तार
कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिलाकर दोस्तों ने किया छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, छह गिरफ्तार

रांची, जासं। राजधानी रांची में एक कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना सोमवार की रात करीब 11:00 बजे की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि राजधानी रांची के हरमू इलाके में रहने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। छात्रा रांची के एक कॉलेज में पढ़ती है। डीडीसी के आवास के पीछे हुई सामूहिक दुष्‍कर्म की घटना के बाद मंगलवार को पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया है। नाबालिग को कोल्‍ड ड्रिंक्‍स में नशा मिलाकर उसके दोस्‍तों ने पिलाया था, उसके बाद सामूहिक दुष्‍कर्म किया था।

बताया गया कि पीड़िता अपने परिचित दोस्त के साथ घूमने के लिए निकली थी। उसी दौरान दोस्त ने धोखे से कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिला दिया। इसके बाद दोस्त ने खुद और अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गई। उसके बाद लालपुर इलाके के मातृ आश्रम के पास उसे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। नशे की हालत में नाबालिग भटकती हुई मिली, तो पुलिस की नजर उस पर पड़ी।

पुलिस की नजर पड़ते ही उससे घटना की जानकारी ली गई और तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। छात्रा ने इस दौरान अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह प्रियांशु नाम के एक दोस्त के साथ घूमने के लिए निकली थी। उसी ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। परिचित होने की वजह से वह उसके साथ निकली थी लेकिन दगा दे गया।

घटना के बाद छात्रा की हालत ऐसी थी कि वह पुलिस के सामने कुछ बोल भी नहीं पा रही थी। किसी तरह घटना की जानकारी केवल होंठ हिला कर इशारे कर बताया। घटना सामने आने के बाद सिटी डीएसपी अमित कुमार सिंह सहित लालपुर थानेदार अरविंद कुमार सिंह पहुंचे और आरोपी युवक की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की। हालांकि आरोपितों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 

एक ही युवक का नाम ले पा रही नाबालिग
नाबालिग छात्रा ने जैसा पुलिस को बयान दिया है, वह केवल प्रियांशु को जानती है। प्रियांशु के साथ अन्य दो लड़के  अज्ञात हैं। पुलिस फिलहाल प्रियांशु को तलाश रही है, ताकि सभी आरोपी पकड़ में आएं। पूरी रात पुलिस छापेमारी करती रही। इधर नाबालिग छात्रा को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया है। नाबालिग छात्रा का इलाज चल रहा है। परिजनों ने भी पुलिस के सामने आकर जानकारी दी है। 

"घटना के बारे में पीड़िता स्पष्ट जानकारी नही दे पा रही है। उसके बताए अनुसार आरोपितों की तलाश हो रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" अमित कुमार सिंह, डीएसपी सिटी रांची।

chat bot
आपका साथी