रांची के बुंडू में मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों ने खदेड़कर आरोपित को पकड़ा

Ranchi Murder घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रांची-टाटा मार्ग को ब्लॉक मोड़ के समीप एक घंटे तक जाम कर हत्यारे को फांसी देने एवं परिजनों को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की मांग की।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 24 Jan 2020 03:43 PM (IST) Updated:Fri, 24 Jan 2020 03:43 PM (IST)
रांची के बुंडू में मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों ने खदेड़कर आरोपित को पकड़ा
रांची के बुंडू में मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों ने खदेड़कर आरोपित को पकड़ा

रांची, जेएनएन। रांची जिले के बुंडू में एक पांच वर्षीया मासूम को अगवा कर दुष्कर्म के बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया। बाद में परिजनों व लोगों ने भागने के क्रम में दुष्कर्मी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना गुरुवार की रात लगभग 10 बजे की है। घटना के संबंध में परिवार एवं मोहल्ले के लोगों ने बताया कि हत्यारा सुनील मछुआ अपने घर में झगड़ा कर घर से दाउली 'हथियार' लेकर मासूम के मां-बाप को काटने के लिए उसके घर गया था।

डर के मारे पति-पत्नी सोए हुए एक लड़का और एक लड़की को छोड़कर पड़ोसी से मदद मांगने गए। इसी क्रम में सुनील मछुआ ने लड़के को लात मारकर गिराया और पांच वर्षीया मासूम को फॉरेस्ट ऑफिस पार कर बगल में ले जाकर दुष्कर्म कर मासूम को एक झाड़ी के समीप स्थित एक कुएं में फेंक दिया। घटना को अंजाम देकर भागने के क्रम में मोहल्लेवासियों ने दुष्कर्मी को खदेड़कर पकड़ा।

इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। इधर, सुबह मासूम का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने सुनील से कड़ाई से पूछताछ की। तब उसने दुष्कर्म की बात स्वीकार करते हुए लाश को कुएं में डालने की बात कही। ग्रामीणों ने कुएं को पंप लगाकर सुखाया और मासूम की लाश को बरामद किया।

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रांची-टाटा मार्ग को ब्लॉक मोड़ के समीप एक घंटे तक जाम कर हत्यारे को फांसी देने एवं परिजनों को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की मांग की। बाद में पुलिस अधिकारियों व गणमान्य लोगों के समझाने के बाद ग्रामीण माने। ग्रामीणों से वार्ता करनेवालों में एसडीएम बुंडू उत्कर्ष गुप्ता, बीडीओ कुमार नरेंद्र नारायण, सीओ प्रदीप कुमार, थानेदार इंस्पेक्टर रमेश शामिल थे।

आक्रोशित हैं बुंडू वासी, कर रहे थे आरोपित की फांसी की मांग

मासूम के साथ घटी घटना से बुंडूवासी आक्रोशित हैं। जाम के दौरान सभी के चेहरों पर गुस्सा था। सभी आरोपित को जनता के हवाले करने की मांग कर रहे थे। साथ ही दुष्कर्म के आरोपित को फांसी देने की मांग कर रहे थे।

chat bot
आपका साथी