लोहरदगा में सिंचाई कूप से मिला नाबालिग का शव, दो दिन पूर्व प्रेमी ने मांग में भर दिया था सिंदूर Lohardaga News

Jharkhand Crime News Lohardaga News मृतक के स्वजनों ने प्रेमी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। भंडरा थाना क्षेत्र के भौंरो की घटना है। स्थानीय पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 04:13 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 04:18 PM (IST)
लोहरदगा में सिंचाई कूप से मिला नाबालिग का शव, दो दिन पूर्व प्रेमी ने मांग में भर दिया था सिंदूर Lohardaga News
Jharkhand Crime News, Lohardaga News मृतक के स्वजनों ने प्रेमी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।

भंडरा (लोहरदगा), जासं। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरो गांव के मनेश राम के सिंचाई कूप से मंगलवार को भंडरा थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का शव बरामद किया है। उसकी पहचान भौंरो गांव निवासी मनेश राम की पुत्री पूजा कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। पूजा का शव सिंचाई कूप से मिलने के बाद उसके स्वजनों ने नाबालिग की हत्या कर शव को फेंकने का आरोप उसके प्रेमी भौंरो गांव निवासी सुखदेव साहू के पुत्र राहुल साहू पर लगाया है।

मृतक के पिता मनेश राम ने कहा कि एक साल पूर्व गांव के ही राहुल साहू ने पुत्री के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में राहुल साहू को एक साल की जेल भी हुई थी। राहुल की रिहाई एक सप्ताह पूर्व हुई है। जेल से छूटने के बाद राहुल ने रविवार की देर रात उसके घर आकर पुत्री से विवाह करने का आश्वासन देते हुए उसकी मांग में सिंदूर भर दिया था।

इसके बाद राहुल उस रात दोबारा घर आया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर चला गया। सोमवार की सुबह पुत्री राहुल से फोन पर बात कर घर से कहीं चली गई थी। इससे पूर्व राहुल ने पूजा को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी है। इधर इस घटना से पूजा के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाबालिग का शव मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण महिला-पुरुषों ने नाबालिग के हत्यारे की गिरफ्तारी और मृतक के स्वजन को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भंडरा थाना पुलिस से गुहार लगाई है। इधर भंडरा थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

chat bot
आपका साथी