रांची के तुपुदाना में पत्थर खदान व क्रशरों में खनन विभाग की छापेमारी, डंपर-ट्रैक्‍टर जब्‍त; कई पर मामला दर्ज

Jharkhand News Hindi Samachar खदानों के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि बेरमाद पहाड़ में मंगलू के द्वारा अवैध रूप से उत्खनन किया जा रहा था। उसके बाद बालश्रृंग पहाड़ पर चल रहे दर्जनों क्रशर पर छापामारी की गई।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 10:22 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 10:28 PM (IST)
रांची के तुपुदाना में पत्थर खदान व क्रशरों में खनन विभाग की छापेमारी, डंपर-ट्रैक्‍टर जब्‍त; कई पर मामला दर्ज
Jharkhand News, Hindi Samachar खनन विभाग ने छापेमारी की।

रांची, जासं। रांची के तुपुदाना में बुधवार को पत्थर खदान और क्रशरों में खनन विभाग ने छापामारी की। इस दौरान कई वाहन जब्‍त किए गए और कई पर प्राथमिकी दर्ज की गई। बताया गया कि टोरियन वर्ल्ड स्कूल के प्रबंधन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ डीजीपी, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित राज्य के सभी वरीय पदाधिकारियों को लिखित आवेदन दिया था। इसमें क्षेत्र में अवैध क्रशर के कारण प्रदूषण एवं स्कूल के वातावरण में प्रदूषण फैलने से भवनों के क्षतिग्रस्त होने की बात लिखी थी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आवेदन पर उपायुक्त रांची को कार्रवाई करने के लिए कहा था। उपायुक्त रांची छवि रंजन ने जिला खनन पदाधिकारी को पूरे मामले को देखने एवं अवैध रूप से चल रहे क्रशर पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जिला खनन विभाग के खान निरीक्षक सुबोध सिंह ने तुपुदाना पुलिस के सहयोग से तुपुदाना क्षेत्र के बेरमाद, बालसिंरिग, हजाम क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू तथा पत्थर के खनिज उत्खनन एवं भंडारण के संबंध में निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि बेरमाद पहाड़ में मंगलू के द्वारा अवैध रूप से उत्खनन किया जा रहा था। उसके बाद बालश्रृंग पहाड़ पर चल रहे दर्जनों क्रशर पर छापामारी एवं जांच का काम किया। वहां से टोरियन वर्ल्ड स्कूल के समीप चल रहे कई क्रशर का भी निरीक्षण किया। हरदाग पहाड़ में चल रहे क्रशर का भी निरीक्षण करने के बाद तुपुदाना ओपी में मामला दर्ज कराया गया। बेरमाद पहाड़ में मंगलू, मनोज कच्छप, और संजय तिर्की बालश्रृंग पहाड़ में चंद्रेश वरी देवी, नीलम किस्पोट्टा, कमला देवी, कृष्ण मोहन प्रजापति, हजाम में घनश्याम प्रसाद, शिव नारायण सिंह, अरविंद कुमार के ऊपर पत्थर उत्खनन से संबंधित विभिन्न धाराओं पर मामला दर्ज किया गया है।

वहीं केशव कुमार, अनिल वर्मा, रिंकी साहू, अर्जुन सिंह, सोनू सिंह, राधेश्याम केसरी, सागर, गणेश, सुरेश, शंभू सिंह, प्रकाश चौधरी और मुन्ना सिंह के विरुद्ध बालू एवं चिप्स का अवैध डंपिंग करने का मामला दर्ज किया गया है। बिना खनन परमिट के निम्नलिखित व्यक्तियों द्वारा निरीक्षण के क्रम में एक जेसीबी, एक डंपर तथा तीन ट्रैक्टर पत्थर का अवैध खनन करते हुए पकड़ा गया है। इसे तुपुदाना में जब्‍त कर प्राथमिकी दर्ज की गई।

पूरे क्षेत्र में मचा हड़कंप

खनन विभाग द्वारा तुपुदाना क्षेत्र में चल रहे पत्थर खदान और क्रशरों में छापामारी एवं निरीक्षण की जानकारी मिलते ही पूरे बालश्रृंग पहाड़ में चल रहे क्रशर संचालक और पत्थरों और चिप्स के परिवहन में लगे वाहनों के चालक अपने क्रशर बंद कर फरार हो गए। इसी तरह हजाम एवं अन्य क्षेत्र में चल रहे क्रशर संचालकों ने क्रशर को बंद कर दिया। पत्थर एवं चिप्स के अवैध उत्खनन करने वालों में मचा हड़कंप मचा रहा। इस क्षेत्र में पहली बार खनन विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर छापामारी और निरीक्षण का काम किया गया है। इससे पूर्व गरिमा सिंह एसडीओ ने रांची के इस क्षेत्र में छापामारी और जांच अभियान चलाया था। इसमें दर्जनों क्रशरों को जेसीबी से उखाड़ फेंका था। उसके बाद यह खनन विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है।

chat bot
आपका साथी