वार्ड 30 में समस्याओं का अंबार, अलकापुरी में अड्डेबाजों ने किया जीना मुहाल

जब जागरण आप के द्वार की टीम वार्ड-30 की स्थिति जानने पहुंची तो शिकायतों की झड़ी लग गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 09:00 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 09:00 AM (IST)
वार्ड 30 में समस्याओं का अंबार, अलकापुरी में अड्डेबाजों ने किया जीना मुहाल
वार्ड 30 में समस्याओं का अंबार, अलकापुरी में अड्डेबाजों ने किया जीना मुहाल

जागरण संवाददाता, रांची : मंगलवार को जब 'जागरण आप के द्वार' की टीम वार्ड-30 की स्थिति जानने पहुंची तो वहां के निवासियों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। यहां समस्याओं का अंबार है लेकिन समाधान की राह लोगों को नजर नहीं आती। कुछ स्थानीय महिलाओं ने यह आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में चुनाव जीतने के बाद पार्षद रीमा देवी आज तक नजर नहीं आई हैं। वार्ड में समस्याओं का अंबार है। लेकिन उसके निस्तारण की चिंता पार्षद ही नहीं हैं। ऐसे में लोग किसके पास जाएं। इधर, तीन दिन से शहर में बारिश जारी है। रोड एवं नाली की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वार्ड के लगभग सभी इलाके में नारकीय स्थिति है। जगह-जगह कूड़े-कचरे का ढेर पड़ा है। अधिकांश स्थानों पर नाली ही नजर नहीं आई। नाली न होने की वजह से सड़कों पर पानी एवं कीचड़ है।

इंद्रपूुरी में कूड़े-कचरे का दिखा ढेर : इंद्रपुरी में जहां-तहां कूड़े-कचरे का ढेर दिखा। नालियों की हालत भी बदतर दिखी। शिवपुरी में भी नालियां कचरे पड़े होने की वजह से जाम दिखी। बढ़ई मोहल्ला में सफाई में अनियमितता के कारण नाली जाम है। अलकापुरी में एक सरकारी कुआं भी है। लेकिन कूड़ा-कचरा डालकर उसे पूरी तरह से पाट दिया गया है। महिलाओं की शिकायत है कि कुआं के पास कुछ लोग अड्डाबाजी करते हुए नशा करते हैं। महिलाएं वहां से गुजरते वक्त असुरक्षित महसूस करती हैं। लोगों की मांग है कि उस कुएं की सफाई कर चालू किया जाए। यहां नाली भी जर्जर हो गई है। नाली जाम रहती है। अब आते हैं ग्वालाटोली में, जहां साफ-सफाई का अभाव देखा गया। पूरे रोड पर कचरा फैला रहा। नाली जाम की वजह से गंदा पानी सड़क पर बहता है।

वार्ड-30 में शामिल हैं ये क्षेत्र : शहर के व्यस्ततम रातू रोड से बिल्कुल सटे वार्ड-30 में श्रीकृष्णनगर कॉलोनी का आधा हिस्सा, आर्यपुरी रोड नंबर-01 से 04, अलकापुरी, बढ़ई मोहल्ला, धोबीघाट, शिवपुरी, इंद्रपुरी, न्यू पुलिस लाइन, सरकारी स्टाफ क्र्वाटर आदि इलाके शामिल हैं।

महिलाओं ने कहा-किसके पास जाकर गुहार लगाएं : वार्ड-30 अंतर्गत इंद्रपुरी की सावित्री देवी कहती हैं कि कूड़ा निस्तारण ठीक से नहीं होता है। जब पार्षद के दर्शन ही नहीं हैं तो किसके पास जाकर गुहार लगाएं। बढ़ई मोहल्ला निवासी शकुंतला देवी एवं नमिता भगत भी कहती हैं कि नाली की सफाई ठीक से नहीं होती। पेयजल आपूर्ति भी अनियमित है। अलकापुरी की अर्चना कुमारी व रेबी सिंह एवं बढ़ई मोहल्ला की सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि सरकारी कुएं को कचरा डालकर पाट दिया गया है। कुएं के पास कुछ लोग बैठकर नशा करते रहते हैं। बढ़ई मोहल्ला निवासी वरिष्ठ नागरिक गिरिजा देवी को वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिला है। कहती हैं कि घर भी अपना नहीं है। गरीबी के कारण वृद्ध पति-पत्नी किराया देने में असमर्थ हैं। पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। गुड्डी देवी कहती हैं कि कई बार आधार कार्ड जमा करने के बावजूद उनका राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया है। आर्यपुरी की मंजू देवी, इंद्रपुरी की सोनी देवी एवं शिवपुरी की आरती देवी भी पार्षद के दर्शन नहीं होने की शिकायत करते हुए कहती हैं कि बारिश में नाली जाम होने की वजह से रोड गंदा रहता है। निकासी व्यवस्था बेहाल है। साफ-सफाई भी नहीं होती है।

पार्षद प्रतिनिधि ने नहीं करवाई बात : इधर, प्रयास के बावजूद पार्षद रीमा देवी से संपर्क नहीं हो पाया। पार्षद के स्थान पर उनके भाई और पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता से संपर्क होने पर जब उनसे पार्षद का दूसरा मोबाइल नंबर मांगा गया, तो उन्होंने कहा कि यही पार्षद का नंबर है। वे उनसे बाद में बात करा देंगे। लेकिन उन्होंने पार्षद से बात नहीं करवाई। वहीं, उन्होंने कहा कि लोगों ने जो भी पार्षद के बारे में कहा है, वह सब गलत है। पार्षद रोज कार्यालय आती हैं। वार्ड में कई विकास कार्य भी जारी है। उनका दावा है कि वार्ड में फिलहाल तीन करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न इलाकों में रोड एवं नाली का काम चल रहा है। कहीं-कहीं काम हो गया है। मसलन रामनगर में 10 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क निर्माण, आर्यपुरी शंकर मंदिर से होते हुए रेडियो स्टेशन तक नाली एवं पीसीसी सड़क बनाने की बात उन्होंने की। अलकापुरी मसाला गली में 10 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बोल्डर नाली का काम जारी रहने बात कही। साथ ही सरकारी कुआं के पास नाली निर्माण का काम जल्द शुरू करने का दावा भी पार्षद प्रतिनिधि कर रहे हैं।

अगले चुनाव में विकल्प है जनता के पास : उप मेयर : रांची नगर निगम के उप मेयर संजीव विजयवर्गीय कहते हैं कि जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों को जनता के हित में सदैव तत्पर रहना चाहिए। लेकिन जो जनप्रतिनिधि जनता के हित में सही ढंग से काम नहीं करते हैं, तो जनता के पास अगले चुनाव में विकल्प भी मौजूद रहता है।

chat bot
आपका साथी