Republic Day 2021 Jharkhand: रांची में राज्‍यपाल व दुमका में CM हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा, झारखंड में गणतंत्र दिवस का उल्‍लास

Republic Day 2021 Jharkhand News रांची में मुख्‍य समारोह आयोजित किया गया। राज्‍य के हर कोने में सरकारी कार्यालय निजी संस्‍थानस्‍कूल-कॉलेजों में भी तिरंगा झंडा फहराया गया। राज्‍यपाल ने रांची में संयुक्त सशस्त्र बल परेड का निरीक्षण किया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 06:51 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 05:14 PM (IST)
Republic Day 2021 Jharkhand: रांची में राज्‍यपाल व दुमका में CM हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा, झारखंड में गणतंत्र दिवस का उल्‍लास
रांची में गणतंत्र दिवस का मुख्‍य समारोह आयोजित किया गया।

रांची, जेएनएन। Republic Day 2021 Jharkhand भारत आज 72वां गणतंत्र दिवस समारोह मना रहा है। देश के हर हिस्‍से में गणतंत्र दिवस की धूम है। झारखंड की राजधानी रांची में मुख्‍य समारोह आयोजित किया गया। यहां राज्‍यपाल द्रौपदी मुर्मू ने ध्‍वजारोहण किया। इसके अलावा मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका में पुलिस लाइन में तिरंगा झंडा फहराया। राज्‍य के हर कोने में सरकारी कार्यालय, निजी संस्‍थान, स्‍कूल-कॉलेजों में भी तिरंगा झंडा फहराया गया। सीएम ने इस दौरान सशस्‍त्र बल संयुक्‍त परेड का निरीक्षण भी किया। दुमका में मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्‍होंने तिरंगा फहराया। राज्‍यपाल ने रांची के मोरहाबादी में तिरंगा फहराया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले संयुक्त सशस्त्र बल परेड का निरीक्षण किया।

झंडारोहण के बाद राज्‍यपाल ने कहा कि झारखंडवासियों के धैर्य एवं अनुशासन तथा कोरोना योद्धाओं के सहयोग से झारखंड में कोरोना महामारी का कुप्रभाव काफी हद तक कम किया गया है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कैलेंडर के अनुसार जेपीएससी की सभी परीक्षाएं होंगी। हमारी सरकार महिला सुरक्षा के प्रति सजग एवं गंभीर है। 181 हेल्पलाइन से हिंसा से पीड़ित महिलाओं को अविलंब सहायता प्रदान की जाएगी। महिलाओं के अवैध एवं अनैतिक व्यापार की रोकथाम के लिए प्रमंडल मुख्यालयों में उज्ज्वला होम की स्थापना होगी।

पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन को सार्वभौमिक रूप देते हुए सार्वभौमिक वृद्ध कल्याण योजना शुरू की गई है। इसके तहत 100 फीसद वृद्धों को प्रतिमाह 1000 रुपये पेंशन के रूप में बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी। राज्यपाल ने राज्य की जनता से अपने अधिकारों के साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को पुलिस पदक देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट थी। कोरोना के कारण इस बार राजभवन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऐट होम कार्यक्रम आयोजित नहीं हो रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री सहित कई गणमान्य लोग शामिल होते थे।

लोहरदगा बीएस कॉलेज स्टेडियम में झारखंड सरकार के मंत्री डाॅ. रामेश्वर उरांव ने राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। परेड का निरीक्षण किया और लोगों को संबोधित किया। मौके पर उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, एसपी प्रियंका मीना समेत प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर समेत पूरे जिले में मंगलवार को शान से झंडारोहण किया गया। मेदिनीनगर स्थित पुलिस स्टेडियम में  गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। पलामू के उपायुक्त शशि रंजन ने झंडारोहण किया व सलामी दी। मुख्य समारोह में उपायुक्त ने कहा कि पलामू जिला के विकास को जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। इससे पूर्व उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। मुख्य समारोह में पलामू के एसपी संजीव कुमार मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर, पलामू के उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, सिविल सर्जन डॉक्टर जॉन एफ कैनेडी आदि उपस्थित थे। मुख्य समारोह में झांकी का प्रदर्शन किया गया।

साहिबगंज जिले डीसी रामनिवास यादव ने तिरंगा फहराया। गढ़वा गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने झंडारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकी का भी निरीक्षण किया। रामगढ़ उपायुक्त संदीप सिंह ने मंगलवार को जिला मैदान में आयोजित समारोह के दौरान झंडोत्तोलन किया। मौके पर जिले में बेहतर कार्य करने के लिए पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों और प्रशासनिक पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रांची के मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस के मुख्‍य कार्यक्रम के लिए पिछले कई दिनों से सुरक्षा बल अभ्‍यास कर रहे थे। आज परेड के साथ विभिन्‍न विभागों की झांकी भी निकाली गई। हालांक‍ि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कार्यक्रम को छोटा रखा गया। गणतंत्र दिवस को लेकर रांची सहित पूरे राज्‍य में सुरक्षा के पुख्‍ता प्रबंध किए गए। सुरक्षाबलों की अतिरिक्‍त तैनाती की गई। ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया। राज्‍य में जिला परिषद स्‍तर पर उप विकास आयुक्‍त, पंचायत समिति स्‍तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सचिव पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्‍तर पर पंचायत सचिव ने झंडोत्‍तोलन किया।

chat bot
आपका साथी