बाबा नानक तेरी जय होवे... प्रकाशपर्व पर 9 नवंबर से रोज सुबह निकलेगी प्रभात फेरी

श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 549वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रांची में भव्य दीवान सजाया जाएगा। दीवान की समाप्ति के बाद भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा।

By Edited By: Publish:Fri, 09 Nov 2018 07:38 AM (IST) Updated:Fri, 09 Nov 2018 07:42 AM (IST)
बाबा नानक तेरी जय होवे... प्रकाशपर्व पर 9 नवंबर से रोज सुबह निकलेगी प्रभात फेरी
बाबा नानक तेरी जय होवे... प्रकाशपर्व पर 9 नवंबर से रोज सुबह निकलेगी प्रभात फेरी

रांची, जासं। दिवाली की शाम सात बजे रातू रोड गुरुद्वारा में विशेष दीवान सजा। इस मौके पर बंदी छोड़ दिवस मनाया गया। दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल ने किया.. सब सिखन को हुकम है गुरु मान्यो ग्रंथ..। हुजूरी रागी जत्था भाई भरपूर सिंह एवं साथियों ने तू प्रभ दाता दान मत पूरा हम थारे भेखारी जिओ..बाबा नानक तेरी जय होवे...आदि अनेक शबद का गायन किया।

मुख्य ग्रन्थी ज्ञानी जिवेंदर सिंह ने कथा वाचन कर गुर इतिहास से साध संगत को रूबरू कराया। सत्संग सभा के सचिव एवं गुरु घर के सेवक मनीष मिढ़ा ने कथा वाचन करते हुए साथ संगत को बताया कि सिख धर्म में दीपावली के दिन को 'बंदी छोड़ दिवस' के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व सिखों के तीन त्योहारों में से एक है, जिनमें पहला 'माघी', दूसरा 'बैसाखी' और तीसरा 'बंदी छोड़ दिवस'।

इस दिन बुराई पर सच्चाई की जीत हुई थी। इस दिन मीरी पीरी के मालिक छठे पातशाह श्री गुरु हरगोविंद साहिब जी को जब मुगल शासक जहागीर ने गिरफ्तार किया था तब गुरु साहिब ने रिहाई के वक्त अपने साथ 52 अन्य राजाओं को भी रिहा करवाया था। इन राजाओं की रिहाई के लिए भाई हरिदास ने एक ऐसा चोला तैयार करवाया, जिसमें 52 कलिया थीं जिसके बाद हर एक राजा ने एक कली पकड़ी और किले से बाहर आ गए।

जिसके चलते गुरु साहिब को बंदी छोड़ दाता कहा गया है और इस रिहाई वाले दिन को ही 'बंदी छोड़ दिवस' के रूप में मनाया जाता है। आनंद साहिब जी के पाठ, अरदास, हुकुमनामा एवं कढ़ाह प्रसाद वितरण के साथ रात नौ बजे दीवान की समाप्ति हुई। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में दीप जलाए।

आज से निकलेगी प्रभातफेरी : सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि नौ नवंबर से रोजाना सुबह 5.30 बजे गुरुद्वारा साहिब कृष्णा नगर कॉलोनी से प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा इसका समापन 19 नवंबर को होगा। 21 नवंबर को गुरुद्वारा मैदान में धन धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 549वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भव्य दीवान सजाया जाएगा। दीवान की समाप्ति दोपहर 2.15 बजे होगी। इसके बाद भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा 22 नवंबर को सुबह आठ बजे से 10.30 बजे तक तथा रात आठ बजे से 11.30 बजे तक एवं 23 नवंबर को रात आठ बजे से दो बजे तक विशेष दीवान सजेगा। सभी दीवानों की समाप्ति के पश्चात गुरु का अटूट लंगर चलेगा। सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी ने शहर के सभी सिख धर्मावलंबियों से इन सभी दीवानों में हाजिरी भर गुरुघर की खुशियां प्राप्त करने का आह्वान किया है।

chat bot
आपका साथी