एकलव्य विद्यालय निर्माण को लेकर सिलागाई में पथराव के बाद लाठीचार्ज, कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण जख्मी

एकलव्य विद्यालय निर्माण को लेकर मंगलवार को दो गुट आपस में भ‍िड़ गए। एक गुट का कहना था क‍ि इस विद्यालय को स्मारक स्थल से बाहर कहीं अन्यत्र बनाया जाए। जाम करने वालों का कहना था कि जब तक डीसी नहीं आएंगे तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 10:37 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 10:37 PM (IST)
एकलव्य विद्यालय निर्माण को लेकर सिलागाई में पथराव के बाद लाठीचार्ज, कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण जख्मी
रांची ज‍िले के चान्‍हो में बवाल काटते उग्र लोग। जागरण

रांची, (जागरण संवाददाता) : रांची ज‍िले के चान्हो प्रखंड के सिलागाई गांव में एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण को लेकर आयोजित ग्राम सभा में जमकर बवाल हुआ। पुलिस के रोकने के बावजूद ग्राम सभा में हथियारों से लैस बाहरी लोग घुस गए और हंगामा शुरू कर दिया। एकलव्य आवासीय विद्यालय का विरोध कर रहे लोगों की इसके निर्माण का समर्थन कर रहे ग्रामीणों से झड़प शुरू हो गई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल ग्राम सभा रोक दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भी भांजी। कुछ ग्रामीणों को चोट भी लगी है। उधर, ग्रामीणों के पथराव से पुलिस की एक जीप क्षतिग्रस्त हुई है। जीप का पिछला शीशा टूट गया है। कुछ पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।

एकलव्य विद्यालय के निर्माण का विरोध कर रहे लोगों ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे से एनएच 75 को जाम कर दिया। लोग चान्हो थाना चौक पर जमा हो गए। लोगों का कहना था कि प्रशासन जानबूझकर उनकी मांग की अनदेखी कर रहा है और विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहा है। उनका कहना था कि वह एकलव्य विद्यालय निर्माण के विरोधी नहीं हैं। लेकिन यह विद्यालय वीर बुधु भगत स्मारक स्थल पर नहीं बनाया जाए। इस विद्यालय को स्मारक स्थल से बाहर कहीं अन्यत्र बनाया जाए। जाम करने वालों का कहना था कि जब तक डीसी नहीं आएंगे तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। बाद में लगभग 6 घंटे बाद रात नौ बजे जाम खत्म हुआ। ग्रामीणों ने ऐलान किया है कि वह 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने जाएंगे। बता दें कि ग्राम सभा का आयोजन डीसी के निर्देश पर किया गया था।

शहीद वीर बुधू भगत स्थल पर स्कूल निर्माण का विरोध

सिलागाई में शहीद वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल के निकट लगभग 20 एकड़ जमीन पर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निर्माण हो रहा है। इसे लेकर आए आदिवासी समुदाय दो गुटों में बंट गया है। कुछ लोग इस निर्माण का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले एकलव्य विद्यालय के निर्माण का विरोध कर रहे लोगों ने निर्माण स्थल पर धावा बोलकर निर्माण के काम में लगे वाहनों में तोडफ़ोड़ की थी। निर्माण के पक्ष में माहौल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने मंगलवार को ग्राम सभा बुलाई थी। इस ग्राम सभा में सदर एसडीओ दीपक दुबे, अपर समाहर्ता राजेश बरवार भी मौजूद थे।

पुलिस की बैर‍िकेड‍िंंग के बावजूद गांव में घुस गए बाहरी ग्रामीण

ग्रामसभा में गांव के बाहर के लोग प्रवेश न कर सकें इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। डीएसपी भी पुलिस कर्मियों के साथ गांव में गश्त कर रहे थे। पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेङ्क्षडग कर रखी थी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा था। लोगों के आई कार्ड चेक करने के बाद ही पुलिस प्रवेश दे रही थी। लेकिन, पुलिस को धता बताते हुए हजारों की संख्या में दूसरे गांव के लोग गांव में प्रवेश कर गए। इन लोगों ने अपनी मोटरसाइकिल और अन्य वाहन गांव के बाहर ही छोड़ दी और पैदल खेतों के जरिए गांव में दाखिल हो गए और ग्राम सभा में पहुंचकर वहां जमकर हंगामा किया। उधर, ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने कहा क‍ि सिलागाई में बवाल के दौरान पुलिस मुस्तैद थी। मामले की जांच की जा रही है। बाद में कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी