Latehar Corona Update: लातेहार में 02 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव, अबतक 74; जानें ताजा हाल
Latehar Coronavirus News Update लातेहार जिले में शुक्रवार की शाम फिर दो पुलिस जवान को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दोनों जवान लातेहार पुलिस लाइन में पदस्थापित हैं।
लातेहार, जासं। लातेहार जिले में शुक्रवार की शाम फिर दो पुलिस जवान को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। दोनों जवान लातेहार पुलिस लाइन में पदस्थापित हैं। पुलिस लाइन के जवान को कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया है। जवान को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के साथ ही लातेहार जिले में कोरोना के एक्टिव मामले 19 हो गए हैं। जिस जवान की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव आई है, उसकी ट्रेवल हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जवान छुट्टी में अपने घर बिहार पटना गया था। घर से वापस आने के बाद उसे पुलिस लाइन के ही क्वॉरेंटाइन सेंटर में क्वॉरेंटाइन किया गया था। साथ ही सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को जवान का सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। सीएस डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना का दो नए मरीज मिले हैं। कोराेना संक्रमित जवानों को लातेहार जिला मुख्यालय में बनाए गए कोविड-19 सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।
यहां पूर्व में पाए गए सभी 55 कोरोना मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर घर चले गए थे। बता दें कि गुरुवार को लातेहार जिला में एक साथ 12 लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया था। जिसमें से 10 सीआरपीएफ जवान, एक सब इंस्पेक्टर व एक आम आदमी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।