Tejashwi Yadav: पिता लालू ने पढ़ाई नई पाठ, ताकत बढ़ाने में जुटे तेजस्‍वी यादव... 23-24 OCT को RJD कार्यकर्ता सम्मेलन

Tejashwi Yadav पिता लालू प्रसाद यादव के जेल से निकलने के बाद से ही अपनी ताकत बढ़ाने और राजद का कुनबा संवारने में जुटे तेजस्‍वी यादव पूरे जोश में हैं। बिहार की राजनीति से इतर वे झारखंड में भी अपनी धाक जमाने में लगे हैं।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 11:42 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 11:45 PM (IST)
Tejashwi Yadav: पिता लालू ने पढ़ाई नई पाठ, ताकत बढ़ाने में जुटे तेजस्‍वी यादव... 23-24 OCT को RJD कार्यकर्ता सम्मेलन
Tejashwi Yadav: राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्‍वी यादव।

रांची, राज्य ब्यूरो। Tejashwi Yadav राजद का कार्यकर्ता सम्मेलन पलामू के छतरपुर में 23 व 24 अक्टूबर का होगा, जिसमें तेजस्वी यादव भी शिरकत करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को राजद की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों के अलावा जिला, प्रखंड और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का टास्क जिलाध्यक्षों को सौंपा गया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा पलामू में राष्ट्रीय जनता दल का पुराना जनाधार रहा है। वहां नौ विधानसभा में से सात विधानसभा में राजद के विधायक रहे हैं। उन्होंने आने वाले चुनाव में पलामू की सभी नौ विधानसभा सीटें जीतने का दावा किया। संगठन को मजबूत बनाने के लिए, हर बूथ, 25 यूथ का नारा भी दिया। बैठक में प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव, चतरा के लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय सिंह यादव, पूर्व सांसद घूरन राम, पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर सहित सभी जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।

ओबीसी आरक्षण की मुहिम, लालू से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर

झारखंड में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की मुहिम कांग्रेस ने तेज कर दी है। इस सिलसिले में रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रविवार को नई दिल्ली में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी थे। मुलाकात के दौरान झारखंड में महागठबंधन की मजबूती एवं सरकार के संदर्भ में लंबी बातचीत हुई।

मंत्री आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता ने की राजद प्रमुख से दिल्ली में मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से गठबंधन की मजबूती और चुनाव पूर्व जनता से किये गए वायदों पर खुलकर चर्चा की। प्रदेश में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता एवं इस संबंध में मुख्यमंत्री से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस विषय को लेकर संजीदा हैं। प्रदेश में ओबीसी समुदाय को 27 प्रतिशत आरक्षण मिले, सभी इसके पक्षधर भी हैं।

राजेश ठाकुर ने बताया कि राज्य सरकार ने कोरोना काल में सीमित संसाधनों के साथ केंद्र के उपेक्षात्मक रवैये के बावजूद बेहतर काम किया। जीवन और जीविका दोनों की रक्षा सरकार ने की है। अब जरूरत है कि जनता से किये गए वादों को धरातल पर गंभीरता से उतारा जाए। राजद प्रमुख ने नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्‍होंने कहा कि गठबंधन दलों में आपस में चर्चा होती रहनी चाहिए। बेहतर तालमेल से ही प्रदेश को समृद्धि की ओर ले जाया जा सकता है। ग्रामीण विकास मंत्री सह कांग्रेस नेता विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने उन्हें सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी और महागठबंधन के दलों में समन्वय व आपसी चर्चा को जरूरी बताया। इस दौरान कांग्रेस नेता शमशेर आलम भी मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी