लालू प्रसाद के दांत में अचानक उठा दर्द, रिम्स में डॉक्टरों ने उखाड़ा

Lalu Prasad. अस्पताल प्रबंधन लालू प्रसाद को रिम्स के ही डेंटल विभाग में ले गया। यहां डॉक्टरों ने उनके दांत के दर्द का इलाज किया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 05:15 PM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 09:07 PM (IST)
लालू प्रसाद के दांत में अचानक उठा दर्द, रिम्स में डॉक्टरों ने उखाड़ा
लालू प्रसाद के दांत में अचानक उठा दर्द, रिम्स में डॉक्टरों ने उखाड़ा

रांची, जासं। रिम्स में भर्ती राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को मंगलवार को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले ही 15 बीमारियों से परेशान लालू के दांत में मंगलवार को अचानक दर्द शुरू हो गया। काफी देर तक दर्द से बिलबिलाने के बाद अस्पताल प्रबंधन लालू प्रसाद को रिम्स के ही डेंटल विभाग में ले गया। यहां डॉक्टरों ने उनके दांत के दर्द का इलाज किया। डॉक्टरों ने दर्द से पीडि़त लालू प्रसाद का दांत उखाड़ दिया। डॉक्टर प्रजापति की देखरेख में लालू प्रसाद का इलाज किया गया। करीब आधे घंटे तक लालू प्रसाद डेंटल विभाग में रहे।

यहां जांच में पाया गया कि उनके दो दांत सड़ गए हैं। दोनों खराब दांतों को उखाड़ दिया गया। इसके कुछ देर बाद लालू को दर्द से राहत मिली। डेंटल कॉलेज के डॉ. प्रजापति ने बताया कि निकाले गए दोनों दांत मोलर (चऊ) दांत थे। इनमें कीड़ा लगने के कारण पस जम चुका था। इसी वजह से दांत हिलने लगे थे। उन्होंने बताया कि दांत निकालने के कारण लालू प्रसाद के मसूड़ों में सूजन भी हो सकता है। उनके मसूड़े भी काफी कमजोर हैं लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है।

जेल प्रशासन की गाड़ी से पहुंचे डेंटल विभाग

बता दें कि पहले भी लालू प्रसाद यादव को दांत दर्द की समस्या रही है। फरवरी में उन्हें इसी तरह अचानक दांत में दर्द हुआ था। पिछली बार जब दांत में दर्द उठा था तो उनके डॉक्टर डीके झा अपनी गाड़ी से लालू प्रसाद को लेकर इलाज के लिए डेंटल विभाग पहुंचे थे। इससे काफी किरकिरी हुई थी। मंगलवार को लालू प्रसाद को डेंटल विभाग ले जाने के लिए जेल प्रशासन की ओर से बोलेरो गाड़ी भेजी गई।

पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के बीच उन्हें डेंटल विभाग पहुंचाया गया। दांत निकलवाने के बाद लालू प्रसाद को वापस पेईंग वार्ड में भेज दिया गया। उन्हें 4:46 बजे वापस पेइंग वार्ड ले जाया गया। बता दें कि लालू प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के एम्स भेजा जाना है। इसके लिए रिम्स के डॉक्टरों ने सहमति दे दी है। अगले 15 दिनों से एक महीने में उन्हें एम्स भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लालू प्रसाद का ब्लड शूगर बढ़ता रहता है। उनकी किड़नी थर्ड स्‍टेज में है।

लालू प्रसाद की सेहत को देखते हुए उनके पुत्र तेजस्‍वी यादव और तेज प्रताप यादव ने सरकार से बेहतर इलाज के लिए अनुरोध किया था। पिछले दिनों ही तेज प्रताप यादव और तेजस्‍वी यादव अपने पिता से मिलने रिम्‍स आए थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्‍हाेंने कहा था कि लालू प्रसाद की सेहत ठीक नहीं है। उन्‍हें बेहतर इलाज की जरूरत है। चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद बिरसा मुंडा जेल के कैदी हैं और फिलहाल रिम्‍स में पिछले दो वर्षों से अपना इलाज करा रहे हैं।

लालू प्रसाद के दांत का इलाज करने वाले डॉक्‍टर प्रजापति और डॉक्‍टर डीके झा।

chat bot
आपका साथी