कोलेबिरा उपचुनाव को लेकर ऊहापोह में भाजपा

कोलेबिरा उपचुनाव को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा में फिलहाल कोई सुगबुगाहट नहीं है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Nov 2018 06:50 AM (IST) Updated:Mon, 19 Nov 2018 06:50 AM (IST)
कोलेबिरा उपचुनाव को लेकर ऊहापोह में भाजपा
कोलेबिरा उपचुनाव को लेकर ऊहापोह में भाजपा

रांची। कोलेबिरा उपचुनाव को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा में फिलहाल कोई सुगबुगाहट नहीं है। प्रत्याशी के चयन को लेकर ऊहापोह की स्थिति को इसकी वजह बताया जा रहा है। पिछले चार सालों में हुए उपचुनाव में लचर प्रदर्शन करने वाली भाजपा की सबसे बड़ी चिंता यह है कि आम चुनाव से पूर्व होने वाले इस उपचुनाव में यदि उसकी किरकिरी हो गई तो इसका संदेश अच्छा नहीं जाएगा। 2014 के बाद हुए छह उपचुनावों में से भाजपा ने महज एक सीट पर जीत हासिल की है।

यही वजह है कि कोलेबिरा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के चयन में सतर्कता बरती जा रही है। कोलेबिरा में अगले महीने उपचुनाव होना है। इस सीट पर एनोस एक्का के अयोग्य घोषित होने के बाद उपचुनाव हो रहे हैं। एनोस अपनी पत्नी मेनन एक्का को चुनाव में उतार रहे हैं।

चर्चा यह भी थी कि भाजपा मेनन एक्का पर दांव लगाना चाहती थी लेकिन बात नहीं बनीं। एनोस एक्का ने पिछले विधानसभा में इस सीट से 17 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। जबकि उनकी पत्नी मेनन एक्का पड़ोस की सीट सिमडेगा में दूसरे स्थान पर रहीं थीं। भाजपा की विमला प्रधान ने उन्हें महज दो फीसद वोटों के अंतर से हराया था।

जाहिर है कि एनोस के साथ-साथ उनकी पत्नी की स्थिति उस क्षेत्र में ठीक बनी हुई है। ऐसा नहीं कि भाजपा का कोलेबिरा में जनाधार नहीं है। पिछले चुनाव में पार्टी यहां दूसरे स्थान पर रही थी। इसकी वजह मनोज नागेशिया जैसे उम्मीदवार और झामुमो और कांग्रेस के गठबंधन का न होना बताया गया था। इस बार स्थिति जुदा है। मनोज नागेशिया की हत्या हो चुकी है वहीं विपक्षी दल कांग्रेस और झामुमो में गठजोड़ की संभावना भी दिखाई दे रही है।

तमाम पहलुओं को लेकर भाजपा में मंथन हो रहा है। लेकिन पार्टी प्रत्याशी को लेकर ऊहापोह में है। वजह यह चुनाव नहीं बल्कि आगे आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव बताए जाते हैं। यदि इस चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहता है तो इसका असर आने वाले चुनाव पर पड़ेगा।

भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी भी विधानसभा स्तर पर कर रही है और विशेषरूप से ऐसी सीटों पर फोकस कर रही है जहां पिछले विधानसभा चुनाव में वह दूसरे स्थान पर थी। उपचुनाव में यदि स्थान का फेरबदल हुआ तो आगे आने वाला गणित भी गड़बड़ा सकता है। इधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव कहते हैं कि भाजपा कोलेबिरा उपचुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।

chat bot
आपका साथी