खूंटी में डायन कहकर महिला को मारपीट कर किया जख्‍मी, पुलिस ने पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार

Jharkhand Crime News Khunti News न्यायालय के आदेश के बाद थाना में मामला दर्ज किया गया है। मामले के अनुसंधान के क्रम में घटना सही पाई गई। गंभीर रूप से जख्मी महिला का इलाज रांची के रिम्‍स में छह दिनों तक चला।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 06:50 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 06:57 PM (IST)
खूंटी में डायन कहकर महिला को मारपीट कर किया जख्‍मी, पुलिस ने पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार
Jharkhand Crime News, Khunti News गिरफ्तार अभियुक्त

खूंटी, जासं। खूंटी जिले के मारंगहादा थाना के पीड़ीहातु गांव में डायन कहकर एक महिला के साथ मारपीट कर जख्मी करने के पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि पीड़ीहातु गांव के रहने वाले दिवंगत घनश्याम पाहन की पत्नी सिनी देवी को गांव की ही एक महिला समेत पांच लोगों ने डायन कहकर मारपीट कर जख्मी कर दिया। इस संबंध में जख्मी की बेटी हिसी कुमारी ने न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई थी।

न्यायालय का वाद संख्या 61/21 के आधार पर मारंगहादा थाना कांड संख्या 33/21 के तहत पीड़ीहातु गांव के ही पिंटू मानकी, बुतरु मानकी, मोयसो मानकी, बैजनाथ मानकी और एक महिला अभियुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामले के अनुसंधान के क्रम में घटना सही पाया गया। इसके बाद सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

थाना में नहीं सुनी गई फरियाद, गए न्यायालय की शरण में

मारंगहादा थाना क्षेत्र के पीड़ीहातु गांव में एक महिला समेत पांच लोगों ने 60 वर्षीय वृद्धा को डायन कहकर इतना मारा कि वह बेहोश होकर गिर गई। मरा हुआ समझकर आरोपितों ने उसे छोड़ दिया। पीड़ित वृद्धा के भाई ने इसकी सूचना मारंगहादा थाना को दी। थाना ने उसकी फरियाद को दरकिनार कर दिया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी को इलाज के लिए रिम्स, रांची में भर्ती कराया गया। छह दिनों के इलाज के बाद वह स्वस्थ हुई, लेकिन खौफ के कारण वह अपने गांव जाने से कतराने लगी।

डर के मारे पीड़िता अपने दामाद के घर में शरण लिए हुए है। वहीं आरोपितों का हाैसला न बढ़ जाए, इसलिए पीड़िता की बेटी ने मामले को अंजाम तक पहुंचाने की ठान ली है। थाना में मामला दर्ज नहीं होने के बाद पीड़‍िता की बेटी मामले को लेकर न्यायालय की शरण में गई। न्यायालय ने वाद दायर कर थाना को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके बाद 10 अक्टूबर को मारंगहादा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की तहकीकात करते हुए बुधवार को पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी