सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस एसबी सिन्हा का निधन

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रहे जस्टिस एसबी सिन्हा का निधन मंगलवार को हो गया।

By Edited By: Publish:Wed, 20 Mar 2019 10:09 AM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2019 10:14 AM (IST)
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस एसबी सिन्हा का निधन
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस एसबी सिन्हा का निधन

रांची, जासं। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रहे जस्टिस एसबी सिन्हा का निधन मंगलवार को हो गया। गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। जस्टिस सिन्हा कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा। इसके लिए हाई कोर्ट के कई अधिवक्ता दिल्ली जा रहे हैं। जस्टिस सिन्हा हाई कोर्ट के अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा के पिता थे।

जस्टिस एबी सिन्हा का जन्म आठ अगस्त 1944 को धनबाद में हुआ था। धनबाद में एचई हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद एसबी सिन्हा ने 1967 में छोटानागपुर लॉ कॉलेज से लॉ की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने धनबाद सिविल कोर्ट में वकालत शुरू कर दी। करीब आठ साल बाद उन्होंने पटना हाई कोर्ट की रांची बेंच में वकालत शुरू की। जस्टिस एसबी सिन्हा रांची बेंच में पहले सरकारी अधिवक्ता बनाए गए थे। 1987 में वो पटना हाई कोर्ट के जज बने।

11 मई 1994 को उनका कोलकाता हाई कोर्ट में स्थानांतरण कर दिया गया। कोलकाता, आंध्रप्रदेश व दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी रहे। टेलीकॉम डिसप्यूट सेटलमेंट एंड अपीलेंट ट्रिब्यूनल के चेयरमैन भी रहे इसके बाद उन्हें तीन अक्टूबर 2002 को सुप्रीम कोर्ट का जज बनाया गया। जस्टिस सिन्हा आठ अगस्त 2009 को सुप्रीम कोर्ट से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद टेलीकॉम डिसप्यूट सेटलमेंट एंड अपीलेंट ट्रिब्यूनल के चेयरमैन रहे।

जस्टिस एसबी सिन्हा के निधन पर महाधिवक्ता अजीत कुमार ने कहा कि यह न्याय जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। इनके निधन से पूरा अधिवक्ता समाज शोकाकुल है। ईश्वर उनके परिवार को इस स्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करें। बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला, एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष ऋतु कुमार, महासचिव नवीन कुमार, धीरज कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एमएम शर्मा, वरीय अधिवक्ता पीसी त्रिपाठी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने शोक जताया है।

chat bot
आपका साथी