Junior National Women Hockey Championship: जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप 20 से, असम की टीम पहुंची सिमडेगा
Junior National Women Hockey Championship चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए हॉकी असम की टीम सिमडेगा पहुंची। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी एवं कमलेश्वर मांझी ने सिमडेगा आगमन पर टीम का स्वागत किया। सभी खिलाड़ियों को ग्राउंड के निकट ही बने भवन में ठहराया गया है।
सिमडेगा, जासं। हाकी इंडिया के जूनियर नेशनल महिला हाकी चैंपियनशिप को लेकर सिमडेगा जिला सजकर तैयार है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 20 अक्टूबर को इस चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे। मौके पर नया एस्ट्रोटर्फ समेत करीब 100 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। चैंपियनशिप को लेकर टीमें सिमडेगा पहुंचने लगी हैं। असम, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान व महाराष्ट्र की टीम सिमडेगा पहुंच चुकी है। ऐहतियात के तौर पर सभी खिलाड़ियों की कोविड जांच की जा रही है।
कुल 27 राज्यों की टीमें सिमडेगा आएंगी। हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि उद्घाटन के मौके पर हाकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र निकोदम मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। टूर्नामेंट डायरेक्टर सह टेक्निकल डेलीगेट्स मो. रिजवान खान एवं अंपायर के रूप में विजय किशोर शामिल होंगे। हॉकी इंडिया से कुल 21 टेक्निकल की टीम भागी लेगी।
इसमें झारखंड के आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, ललित पन्ना, नोमीता खलखो तथा दिव्या डुंगडुंग शामिल होंगे। प्रतियोगिता में कुल 41 मैच खेले जाएंगे। पहला मैच 20 अक्टूबर को सुबह 7 बजे हॉकी कर्नाटक और बंगाल के साथ होगा। मेजबान झारखंड का मैच 20 अक्टूबर को 3:30 बजे हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु तथा 24 अक्टूबर को सुबह 7:00 बजे हॉकी केरल के साथ होगा। 19 अक्टूबर को 16 टीमें 20 एवं 21 अक्टूबर को दो-दो टीमें आएंगी।