झामुमो का आरोप, कर्नाटक और मध्‍यप्रदेश के बाद अब झारखंड में सरकार गिराने की साजिश रच रही भाजपा

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हेमंत सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों की कड़ी आलोचना की है। महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कर्नाटक और मध्‍यप्रदेश में सरकार गिराने के बाद झारखंड में सरकार गिराने की साजिश रच रही है।

By Uttamnath PathakEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 11:58 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 11:58 PM (IST)
झामुमो का आरोप, कर्नाटक और मध्‍यप्रदेश के बाद अब झारखंड में सरकार गिराने की साजिश रच रही भाजपा
रांची के बरियातू स्थित झामुमो के कार्यालय में पत्रकारों से बात करते झामुमो सुप्रिमो सुप्रियो भटटाचार्य।

राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हेमंत सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों की कड़ी आलोचना की है। महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि चुनी गई सरकार को अपदस्थ करने की साजिश चल रही है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरमो और दुमका उपचुनाव के दौरान ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि सरकार गिर जाएगी। वहीं, मधुपुर उपचुनाव के दौरान भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने भी कहा था कि भाजपा की सरकार बनेगी और उसके बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री बनेंगे।

उन्होंंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में सत्ता हासिल की, उसी तरह उनका अगला लक्ष्य झारखंड नजर आ रहा है।

झामुमो महासचिव ने कहा कि झारखंड की न तो जनता बिकाऊ है और न ही झामुमो, कांग्रेस, राजद व अन्य सहयोगी दलों के विधायक। सत्तारूढ़ दलों के विधायकों में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं है। भाजपा सरकार गिराने की कोशिश में अपना समय बर्बाद कर रही है। हेमंत सोरेन की अगुवाई में बनी सरकार टिकाऊ है और पांच साल का शासन पूरा करेगी। सुप्रियो ने कहा कि पुलिस की छापेमारी के दौरान कुछ लोग भाग गए और कुछ पकड़े गए। यह सामान्य घटना नहीं है। जांच में इसके पीछे की साजिश का पता चलेगा। सरकार हर गतिविधि को गंभीरता से देख रही है। अलोकतांत्रिक कदम का लोकतांत्रिक तरीके से प्रतिवाद करने में सरकार सक्षम है। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि विधायकों को तोडऩे के प्रयास की सूचनाएं आती रहती है। झामुमो के विधायक संघर्ष के साथी हैं और कभी एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ते। कांग्रेस में चल रही खींचतान पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को आपसी समन्वय के साथ स्थानीय नेताओं में विश्वास कायम करना चाहिए।

-------

जासूसी और खरीद-फरोख्त भाजपा के डीएनए में शामिल : कांग्रेस

 झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में जनता के द्वारा चुनी गई सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास करती रहती है। जासूसी और खरीद-फरोख्त भाजपा के डीएनए में है। उसी की कड़ी में यह एक नई घटना सामने आई है। भाजपा दिन-रात लोकतंत्र का गला घोंटने के प्रयास में रहती है किन्तु झारखंड में उनके मंसूबे पूरे होने वाले नहीं हैं। जो भी नेता इस तरह के प्रयास में लगे रहते हैं, जल्द ही जेल की सलाखों के पीछे होंगे । समय आने पर झारखंड की जनता भी इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की साजिश को झारखंड पुलिस ने बेनकाब कर दिया है।

chat bot
आपका साथी