Jharkhand Weather Update: सोमवार से झारखंड वापस लौटने लगेगा मानसून, बेहतर बारिश की उम्मीद

वर्षों बाद बेहतर बारिश के बाद 28 सितंबर से पश्चिम राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए बेहतर माहौल बन रहा है। मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटेन के अनुसार इस बार मानसून की वापसी सही समय पर हो रही है।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 02:43 PM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 03:19 PM (IST)
Jharkhand Weather Update: सोमवार से झारखंड वापस लौटने लगेगा मानसून, बेहतर बारिश की उम्मीद
28 से वापस झारखंड लौटने लगेगा मानसून। जागरण

रांची (जासं)। वर्षों बाद बेहतर बारिश के बाद 28 सितंबर से पश्चिम राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए बेहतर माहौल बन रहा है। मौसम विभाग के द्वारा जारी बुलेटेन के अनुसार इस बार मानसून की वापसी सही समय पर हो रही है। पिछले वर्ष मानसून लगभग एक महीने लेट से वापस गया था। झारखंड से मानसून की वापसी में हालांकि अभी थोड़ा वक्त लगेगा। वापसी में भी झारखंड में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। इस वर्ष राज्य में मानसून की बारिश बेहतर रही। राज्य में मानसून सही समय पर पहुंचा।

एक जून से 27 सितंबर तक राज्य में 1030 मिमी बारिश अपेक्षित थी, मगर 899 मिमी ही बारिश हुई जो 13 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार 13 प्रतिशत कम या ज्यादा बारिश को सामान्य बारिश की श्रेणी में रखा जाता है। इस मानसून राज्य में कई भारी बारिश और कम बारिश के रिकॉर्ड भी बने हैं। राज्य में गुमला, देवघर और चतरा में सबसे कम बारिश हुई है। इससे इन जिलों में सूखे के हालात बने हुए हैं। वहीं दुमका, पुर्वी सिंहभूम, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और हजारीबाग जिले में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गयी।

मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले पांच दिनों तक राज्य में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि कुछ जिलों में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रांची समेत कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून का टर्फ लाइन उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा होता हुआ असम तक फैला हुआ है।

वहीं बिहार में बना एक कम दवाब का चक्रवातीय क्षेत्र रविवार से धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही। राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश पाकुर के पाकुरिया में रिकॉर्ड की गयी। इसके साथ ही पाकुर में 40 मिमी, दुमका में 30 मिमी और चतरा में 20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी।

chat bot
आपका साथी