Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले 4 दिनों तक शुष्‍क रहेगा मौसम, नवंबर के पहले सप्‍ताह से ठंड देगी दस्‍तक

Jharkhand Weather Alert Hindi News मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम में बदलाव नवंबर के पहले सप्ताह में अपेक्षित है इसके बाद राज्य में ठंड दस्तक देगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:09 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:06 AM (IST)
Jharkhand Weather Update: झारखंड में अगले 4 दिनों तक शुष्‍क रहेगा मौसम, नवंबर के पहले सप्‍ताह से ठंड देगी दस्‍तक
Jharkhand Weather Alert मौसम में बदलाव नवंबर के पहले सप्ताह में अपेक्षित है, इसके बाद राज्य में ठंड दस्तक देगी।

रांची, जासं। रविवार को राजधानी रांची में सुबह का मौसम सामान्य है। सुबह से ही धूप खिली है। शहर के बाहरी इलाके में सुबह हल्का कोहरा दिखने को मिल रहा है। वहीं सुबह छह बजे शहर का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही सुबह आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत तक है। हवा उत्तर-पश्चिम की दिशा से दस किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। इससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक शहर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। दिन में हल्की गर्मी और शाम के बाद हल्की ठंड का अहसास होगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि वर्तमान में राज्य में किसी सिनौप्टि‍क फीचर का असर होता हुआ नहीं दिख रहा है। इसके कारण राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम सामान्य रूप से साफ रहेगा। इससे कुछ-कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में सामान्य बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है।

साथ ही रात में ओस और सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव नवंबर के पहले सप्ताह में अपेक्षित है। इसके बाद राज्य में ठंड दस्तक देगी। हालांकि इस दौरान मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रहेगा। वहीं कृषि मौसम विज्ञान के द्वारा जारी निर्देश में किसानों से एक सप्ताह के अंदर पककर तैयार फसल की कटाई करने का निर्देश दिया गया है।

बिरसा कृषि मौसम विभाग के द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि किसानों को रबी फसल के लिए खेत तैयार करने पर भी काम तत्काल शुरू करना चाहिए। इसके साथ ही सरसों, चना, आदि फसल की बुआई की तैयारी करनी चाहिए। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शहर        अधिकतम तापमान        न्यूनतम तापमान

रांची        29.8                17.1

जमशेदपुर    33.1                19.0

मेदिनीनगर    32.6                18.2

chat bot
आपका साथी