Ranji Trophy: झारखंड को पहली पारी में 71 रनों की बढ़त, देवब्रत व सूरज का अर्धशतक

Ranji Trophy Jharkhand Team. रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में उत्तराखंड की पहली पारी 227 रनों पर सिमटी। झारखंड ने पहली पारी में 298 रन बनाए।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 20 Jan 2020 08:46 PM (IST) Updated:Mon, 20 Jan 2020 08:46 PM (IST)
Ranji Trophy: झारखंड को पहली पारी में 71 रनों की बढ़त, देवब्रत व सूरज का अर्धशतक
Ranji Trophy: झारखंड को पहली पारी में 71 रनों की बढ़त, देवब्रत व सूरज का अर्धशतक

रांची, जासं। कुमार देवब्रत (85) व कुमार सूरज (57) के अर्धशतकों की बदौलत झारखंड ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी में उत्तराखंड के खिलाफ पहली पारी में 71 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। जेएससीए स्टेडियम में मैच के दूसरे दिन खेल समाप्त होने तक उत्तराखंड ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए चार रन बना लिए थे। उत्तराखंड की टीम ने पहली पारी में 227 रन बनाए थे, जबकि झारखंड की पहली पारी 298 रनों पर सिमट गई थी।

झारखंड की पारी की शुरुआत कुमार देवब्रत व नजीम सिद्दिकी ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 68 रनों की भागीदारी निभाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। नजीम सिद्दिकी 32 रन बनाकर गौरव सिंह के शिकार बने। दूसरे विकेट के लिए कुमार देवब्रत ने उत्कर्ष सिंह के साथ 83 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उत्कर्ष 30 रन बनाकर मयंक मिश्रा के शिकार बने। दो विकेट 151 रनों पर गिरने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि झारखंड के बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा करेंगे।

लेकिन 156 के योग पर कुमार देवब्रत मयंक मिश्रा की गेंद पर विकेट के पीछे रावत के हाथों लपके गए। कुमार देवब्रत ने 132 गेंदों में 13 चौके व एक छक्के की मदद से 85 रनों की पारी खेली। सौरभ तिवारी (27), इशांक जग्गी (14) जल्द आउट होने से बड़े स्कोर की उम्मीद टूटने लगी। लेकिन कुमार सूरज ने 57 रनों की पारी खेल टीम को पहली पारी में बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अर्धशतकीय पारी खेलने वाले सूरज मधवाल के शिकार बने।

सुमित कुमार (21) व नदीम (17) सस्ते में आउट हो गए। जबकि आशीष कुमार, राहुल शुक्ला व अजय यादव खाता भी नहीं खोल पाए। उत्तराखंड की ओर से मयंक मिश्रा ने पांच व ए मधवाल ने तीन विकेट लिए। इससे पूर्व उत्तराखंड की टीम पहले दिन के स्कोर छह विकेट पर 213 रनों से आगे खेलना शुरू किया और टीम 11 रन और जोड़ कर बचे हुए चार विकेट गंवा दिए। झारखंड की ओर से अजय यादव ने 55 रन देकर छह व आशीष कुमार ने 52 रन देकर चार विकेट लिए।

chat bot
आपका साथी