झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस पहुंचे रांची, मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने की अगवानी

Jharkhand News Governor Ramesh Bais रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्‍य के तमाम मंत्री मुख्य सचिव सुखदेव सिंह राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह कैबिनेट सचिव वंदना दादेल डीजीपी नीरज सिन्हा आदि ने उनकी अगुवाई की।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 12:47 PM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 08:12 PM (IST)
झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस पहुंचे रांची, मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने की अगवानी
Jharkhand News, Governor Ramesh Bais नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस का स्‍वागत करते मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस आज मंगलवार शाम रांची पहुंचे। रमेश बैस का रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका स्‍वागत किया। एयरपोर्ट से बाहर उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, कैबिनेट सचिव वंदना दादेल, डीजीपी नीरज सिन्हा व अन्‍य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्‍यमंत्री ने राज्‍यपाल को पुष्‍प गुच्‍छ देकर स्‍वागत किया।

रांची एयरपोर्ट से रमेश बैस सीधे राजभवन के लिए रवाना हो गए। राजभवन में उन्‍होंने सभी पदाधिकारियों से मुलाकात की। कल बुधवार 14 जुलाई को वे राजभवन के बिरसा मंडप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डाॅ. रविरंजन उन्हें शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, तमाम मंत्री, मुख्य सचिव, एवं विभागों के प्रधान सचिव, डीजीपी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इससे पूर्व उनके आगमन का कार्यक्रम सोमवार को राज्य सरकार और राजभवन को मिल गया था।

नए राज्‍यपाल की घोषणा होने के बाद केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को अगरतला राजभवन में रमेश बैस से मुलाकात की। अर्जुन मुंडा ने ट्वीट कर कहा कि त्रिपुरा के राज्यपाल महामहिम रमेश बैस जी से अगरतला राजभवन में मिला। बैस कल ही (रांची) झारखंड प्रस्थान करेंगे। 14 जुलाई को झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं।

झारखंड के लोग काफी सरल और सहयोगी : द्रौपदी

इससे पूर्व सोमवार को निवर्तमान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के रायरंगपुर स्थित अपने गांव रवाना हो गई। रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्‍होंने कहा कि झारखंड के लोग काफी सरल और सहयोगी हैं। उन्हें यहां सभी का सहयोग और प्यार मिला। उन्होंने कहा कि झारखंड उनके गांव जैसा है। जब भी मौका मिलेगा, वे आएंगी।

chat bot
आपका साथी