JAC Result Latest Update: जैक की 10वीं-12वीं के रिजल्ट का इंतजार हुआ खत्म, इस दिन आएगा परिणाम
JAC Result Update Jharkhand News जुलाई माह के अंत में JAC का रिजल्ट घोषित होगा। जैक चेयरमैन ने इसकी जानकारी दी है। कहा कि परिणाम से किसी को असंतुष्ट होने का मौका नहीं मिलेगा। लाखों विद्यार्थी इसका इंतजार कर रहे थे।
रांची, जासं। दसवीं और 12वीं के रिजल्ट के लिए झारखंड के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। झारखंड जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं का परिणाम इसी माह के अंत में आएगा। जैक के चेयरमैन डॉ. अरविंद प्रसाद सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक परीक्षा परिणाम घोषित हो सकता है। उन्होंने कहा कि आंतरिक विश्लेषण के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार हुआ है। इसके साथ ही परिणाम से किसी को असंतुष्ट होने का मौका नहीं मिलेगा।
रिजल्ट की तैयारी अंतिम चरण में है। प्रायोगिक परीक्षा के कारण रिजल्ट रुका हुआ था। परीक्षा अब संपन्न हो गई है। स्कूलों ने प्रायोगिक परीक्षा की रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी है। परीक्षा का परिणाम आंतरिक विश्लेषण के आधार पर होना है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल के चेयरमैन डाॅ. अरविंद प्रसाद सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार 31 जुलाई तक रिजल्ट देना है।
बोर्ड हर हाल में इसका पालन करेगा। उन्होंने कहा कि रिजल्ट पूरी सावधानी से तैयार किया जा रहा है। बता दें कि 10वीं और 12वीं में करीब सात लाख छात्र-छात्राएं हैं। बता दें कि इस बार कोरोना वायरस संक्रमण के कारण जैक बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा नहीं ली है। नौवीं व 11वीं की परीक्षा परिणाम के मूल्यांकन के आधार पर रिजल्ट जारी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुछ दिनों पूर्व आदेश दिया था कि जुलाई के अंत तक रिजल्ट जारी कर दिया जाए। संभावना जताई जा रही है कि सीबीएसई का रिजल्ट भी इसी माह के अंत तक जारी किया जाएगा।