झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव रांची में 29-30 अक्‍टूबर को, गुलशन ग्रोवर-जानी लीवर जैसे अभिनेताओं का होगा जुटान

Jharkhand International Film Festival झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 24 देशों की चुनी गई 75 फिल्मों का निशुल्क प्रदर्शन किया जाएगा। 31 को पुरस्‍कार समारोह का आयोजन किया जाएगा।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 07:47 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 08:15 PM (IST)
झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव रांची में 29-30 अक्‍टूबर को, गुलशन ग्रोवर-जानी लीवर जैसे अभिनेताओं का होगा जुटान
फिल्‍म महोत्‍सव को लेकर रांची में प्रेस कांफ्रेंस किया गया।

रांची, जासं। झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 29-30 अक्‍टूबर को रांची में आयोजित किया जाएगा। पिछले चार वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा यह महोत्‍सव रेडियो खांची,पत्रकारिता व जनसंचार विभाग, रांची विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष ऋषि प्रकाश मिश्र ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि ऑड्रे हाउस में 29 और 30 अक्टूबर को 24 देशों से प्राप्त प्रविष्टियों की 152 फिल्मों में से ज्यूरी कमेटी द्वारा चुनी गई 75 फिल्मों का निशुल्क प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।

ज्‍यूरी प्रमुख के रूप में डॉ. अजय मलकानी, डॉ. अनिल ठाकुर सुमन के साथ अंतरराष्ट्रीय ज्‍यूरी सदस्यों में अमेरिका की डॉ. रानू सिन्हा, कृपा रंजन प्रसाद, मुकेश मोदी तथा बॉलीवुड के फिल्म निर्माता अमित अग्रवाल शामिल हैं। 31 अक्टूबर को रांची विश्‍वविद्यालय के आर्यभट्ट ऑडिटोरियम में पुरस्कार समारोह सह सांस्कृतिक संध्या का आयोजन संध्या 6:30 बजे से होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस मौजूद रहेंगे। वे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर फिल्म अभिनेता गुलशन ग्रोवर, अभिनेत्री पूनम ढिल्लन के साथ-साथ जॉनी लीवर, राजू श्रीवास्तव, राकेश बेदी, लोक गायिका राधा श्रीवास्तव, टीवी कलाकार दीपिका सिंह, पंजाबी फिल्म अभिनेत्री शिवानी शर्मा एवं कई अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मॉडल और अभिनेत्रियां भी रांची आएंगी।

आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुनील सिंह बादल व कार्यक्रम प्रमुख आकाश सिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 अक्‍टूबर को झारखंड के कला व संस्‍कृति-खेल मंत्री हफीजुल हसन मुख्‍य अतिथि के रूप में महोत्‍सव का उद्घाटन करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रांची के सांसद संजय सेठ के साथ-साथ झामुमो महिला मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष एवं साहित्यकार डॉ. महुआ माजी एवं वरिष्ठ पत्रकार तथा आयोजन समिति के संरक्षक हरिनारायण सिंह और पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम उपस्थित रहेंगे।

साथ ही पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख, पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री चंद्र प्रकाश देवाल, प्रख्यात राजस्थानी कवि एवं विश्व विख्यात शिक्षाविद डॉ. महेंद्र दान देता विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। दो दिवसीय कार्यक्रम में अभिनय कार्यशाला, देशभक्ति गीतांजलि, देशभक्ति चित्रांकन प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रख्यात नाट्य प्रशिक्षक राजीव सिन्हा एवं अजय मलकानी के देशभक्ति नाटकों का प्रदर्शन भी होगा। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के सहयोग से राज्‍य के स्वतंत्रता सेनानियों की चित्रगाथा, पिछले 5 वर्षों में देश व राज्य के विकास की प्रदर्शनी इंडियन स्टार्टअप एसोसिएशन के तत्वावधान में लगाई जाएगी।

चतुर्थ झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में ऑनलाइन भाग लेने वाले देशों में अमेरिका, जापान, रूस, बुल्‍गारिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, इटली, श्रीलंका, कोसोवो, बांग्लादेश, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अर्जेंटीना, इजराइल, कनाडा आदि प्रमुख हैं। समारोह में इन देशों की फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड की 22 लघु, फीचर और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ झारखंड पर्यटन की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी