Sarkari Naukri 2021: युवाओं के लिए अहम दिन... सरकार आज लेने जा रही बड़ा फैसला
Sarkari Naukri 2021 सरकारी नौकरी के लिए जी तोड़ मेहनत करने वाले लाखों युवाओं के लिए आज अहम दिन है। आज कैबिनेट की बैठक में सरकार नियुक्ति नियमावली को लेकर बड़ा फैसला लेने वाली है। इसके साथ ही हजारों पदों पर सरकारी नौकरी के लिए बंपर वैकेंसी निकलेगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। Sarkari Naukri 2021 नियुक्ति वर्ष मना रही राज्य सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती नियुक्तियों के लिए नियमावली का नहीं होना माना जा रहा है। राज्य कैबिनेट ने हाल में ही दो प्रमुख संशोधन किए हैं जिसके अनुरूप सभी विभागों को नियुक्ति नियमावली में सुधार करना अनिवार्य हो गया है। इन संशोधनों से रोजगार में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जा सकेगी। राज्य सरकार ने तय किया है कि झारखंड से मैट्रिक और इंटर पास अभ्यर्थियों को ही नौकरी में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा झारखंड की स्थानीय भाषाओं का ज्ञान होना भी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अनुरूप परीक्षा संचालन नियमावली में बदलाव तो कर दिए गए हैं लेकिन अब विभागों को नियमावली में सुधार करना होगा। इसके बगैर परीक्षा का आयोजन नहीं हो सकता है।
150 से अधिक नियमावली, एक दर्जन ही संशोधित
राज्य में 150 से अधिक नियमावली बने हुए हैं। इन्हीं नियमावली के आधार पर कर्मचारी चयन आयोग विभिन्न पदों के लिए रिक्तियों के अनुरूप परीक्षा का आयोजन करता है। विभागों ने पहले से ही रिक्तियों की सूची कर्मचारी चयन आयोग को उपलब्ध करा दी है लेकिन नियमावली में संशोधन नहीं होने के कारण परीक्षा का आयोजन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कार्मिक विभाग विभागों से अनुरोध कर चुना है लेकिन अभी तक सभी विभागों ने नियमावली को संशोधित नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार लगभग एक दर्जन नियमावली में ही संशोधन किया जा सका है।
कैबिनेट की बैठक में आज आएंगे संशोधित प्रस्ताव
गुरुवार को कैबिनेट की बैठक में कुछ विभागों में बदली हुई नियमावली भी पहुंच रही है। इसकी संख्या हालांकि गुरुवार की शाम तक एक दर्जन से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।