Jharkhand: होटल अशोक पर होगा झारखंड का स्वामित्व, आइटीडीसी से 6 करोड़ में खरीदेगी 51% शेयर

Jharkhand News मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ। बिहार के भी शेयर खरीदने के लिए बातचीत हो रही है। होटल अशोक का निर्माण संयुक्त बिहार में वर्ष 1985 में हुआ था। वर्तमान में इसमें 51 फीसद शेयर आइटीडीसी है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 06:33 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 06:35 PM (IST)
Jharkhand: होटल अशोक पर होगा झारखंड का स्वामित्व, आइटीडीसी से 6 करोड़ में खरीदेगी 51% शेयर
एमओयू पर हस्‍ताक्षर के दौरान उपस्थित मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन।

रांची, राज्य ब्यूरो। रांची के डोरंडा स्थित होटल अशोक (अशोक विहार होटल) पर झारखंड सरकार का मालिकाना हक होगा। झारखंड सरकार पिछले तीन वर्षों से बंद इस होटल के 51 फीसद शेयर भारत पर्यटन विकास निगम (आइटीडीसी) से खरीदेगी। मंगलवार को इसे लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में दोनों पक्षों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। राज्य सरकार 51 फीसद शेयर के बदले में आइटीडीसी को 6 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन के विकास का यह पहला पड़ाव है। इसमें बिहार के भी शेयर खरीदने के लिए वहां की सरकार से बातचीत चल रही है। होटल अशोक का निर्माण संयुक्त बिहार में वर्ष 1985 में हुआ था। वर्तमान में इसमें 51 फीसद शेयर आइटीडीसी, 36.75 फीसद शेयर बिहार सरकार तथा 12.25 फीसद शेयर झारखंड सरकार का है। आइटीडीसी से 51 फीसद शेयर खरीदने से झारखंड सरकार का शेयर 63.25 फीसद हो जाएगा।

बता दें कि राज्य गठन के पहले आइटीडीसी का 51 प्रतिशत और बिहार का 49 फीसद शेयर इसमें था, लेकिन झारखंड राज्य बनने के बाद बिहार के 49 प्रतिशत शेयर में 12.25 फीसद शेयर झारखंड को दे दिया गया था। जहां यह होटल स्थित है, वह जमीन (2.70 एकड़) झारखंड सरकार की है। वर्तमान में यह जमीन राजधानी रांची के प्राइम लोकेशन पर है और काफी कीमती है।

chat bot
आपका साथी