सीएम रघुवर दास ने कहा-निवेश के लिए सबसे बेहतर झारखंड, हमारे पास देश की 40 फीसद खनिज संपदा

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास की अगुआई में टीम झारखंड निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई दिल्‍ली में रोड शो कर रही है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 09 Oct 2018 01:48 PM (IST) Updated:Tue, 09 Oct 2018 06:00 PM (IST)
सीएम रघुवर दास ने कहा-निवेश के लिए सबसे बेहतर झारखंड, हमारे पास देश की 40 फीसद खनिज संपदा
सीएम रघुवर दास ने कहा-निवेश के लिए सबसे बेहतर झारखंड, हमारे पास देश की 40 फीसद खनिज संपदा

रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के कृषि क्षेत्र को देश और दुनिया की नई तकनीक से जोडऩे और कृषि क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने मंगलवार को नई दिल्ली के इंपीरियल होटल में रोड शो किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में टीम झारखंड इस क्रम में विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ बैठक भी कर रही है। झारखंड में 29 और 30 नवंबर को होने वाले ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट की तैयारियों को लेकर इस रोड शो का आयोजन किया गया है।

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने रोड शो में कहा कि झारखंड संभावनाओं से भरा प्रदेश है। हमारे पास देश की 40 फीसदी खनिज संपदा है। हमारे पास कौशलयुक्त मेहनतकश लोग हैं। राजनीतिक अस्थिरता के कारण झारखंड का विकास नहीं हुआ लेकिन अब एक स्थिर सरकार है जहां आपके पास निवेश के अपार मौके हैं।

सीएम ने कहा कि झारखंड में देश ही नहीं, दुनिया के विकसित राष्ट्रों की बराबरी करने की क्षमता है। कोई भी निवेशक तभी आएगा, जब सरकार की नीति अच्छी हो, त्वरित निर्णय हो, पारदर्शी व्यवस्था हो । झारखंड में आपको सब मिलेगा। कहा कि 2017 में ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के बाद से अबतक झारखण्ड में 354 इकाइयों का शिलान्यास हो चुका है जिसके जरिए 49 हजार करोड़ से अधिक का पूंजी निवेश हो चुका है। 62 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार प्राप्त हो चुका है।

उन्‍होंने कहा कि 29-30 नवंबर को ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश की कृषि उत्पाद, तकनीक और सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनियां शामिल होंगी। राज्य के किसानों और कृषि व्यवस्था से जुड़े सभी झारखंडवासियों को इससे लाभ होगा। गांवों के विकास पर सीएम ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करनी है। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग प्लांट को बढ़ावा दिया जा रहा है।

2017 में झारखंड में 89 फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरु किए गए, आज पूरे राज्य में 212 यूनिट हैं। ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट के दौरान 50 नए प्लांट लगेंगे। सीएम ने ग्लोबल एग्रीकल्चर समिट में शामिल होने के लिए विभिन्न देशों के राजदूतों और कंपनियों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। कहा कि वे फूड प्रोसेसिंग, कृषि और अन्य सेक्टरों में झारखण्ड में निवेश कर देश को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दें।

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने न्‍यू झारखंड के हैशटैग के साथ एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए लिखा कि 29-30 नवंबर को आयोजित होने वाली ग्लोबल एग्रीकल्चर एंड फूड समिट के लिए झारखंड सरकार कृषि के क्षेत्र में दुनियाभर के निवेशकों को आमंत्रित करती है। आइए झारखंड में निवेश करिए और विकास के भागीदार बनिए। 

सीएम इस विशेष आयोजन के सिलसिले में अपनी टीम के साथ सोमवार को रात में ही दिल्ली पहुंच गए। रोड शो और इंवेस्टर मीट के दौरान राज्य सरकार की ओर से नवंबर में होने वाले समिट के लिए विभिन्न देशों के राजदूतों व प्रतिनिधियों और निवेशकों को न्योता भी दिया गया। नई दिल्ली में सुबह 11 बजे से बैठक का सिलसिला शुरू है। इस दौरान निवेशकों को झारखंड में कृषि क्षेत्र और खाद्य एवं प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर एक छोटी सी फिल्म भी दिखाई गई।

इस रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास, कृषि मंत्री रणधीर सिंह, मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी सीधे निवेशकों से मुखातिब हुए। कृषि सचिव पूजा सिंघल और उद्योग सचिव विनय कुमार चौबे ने सरकार की ओर से प्रस्‍तुति दी। रोड शो में आगे मुख्यमंत्री रघुवर दास निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे। विभिन्न स्तर पर होने वाली बैठकों के दौरान राज्य सरकार अपनी औद्योगिक और कृषि नीति से के बारे में लोगों को जानकारी देगी। 

chat bot
आपका साथी