चेन्नई से इलाज कराकर वापस लौटे मंत्री जगरनाथ महतो, रांची एयरपोर्ट पर सीएम ने की अगुवाई

Jharkhand News झारखंड के शिक्षा मंत्री लगभग आठ माह बाद चेन्‍नई से इलाज कराकर वापस लौटे। मुख्‍यमंत्री से मिलने के बाद एयरपोर्ट पर दोनों भावुक हुए। कोरोना संक्रमित होने के बाद चेन्नई में मंत्री का लंग ट्रांसप्लांट हुआ था।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 08:17 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 09:05 PM (IST)
चेन्नई से इलाज कराकर वापस लौटे मंत्री जगरनाथ महतो, रांची एयरपोर्ट पर सीएम ने की अगुवाई
Jharkhand News झारखंड के शिक्षा मंत्री लगभग आठ माह बाद चेन्‍नई से इलाज कराकर वापस लौटे।

रांची, राज्य ब्यूरो। लंबे समय से चेन्नई में अपना इलाज कर रहे मंत्री जगरनाथ महतो सोमवार को रांची वापस लौटे। रिम्स के दो चिकित्सकों की टीम ने चार्टर्ड विमान से उन्हें रांची लाया। रांची एयरपोर्ट पर स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी अगुवाई की। इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री दोनों काफी भावुक हो गए। मंत्री फिलहाल रांची स्थित अपने नए सरकारी आवास में रहेंगे। इस आवास की तमाम व्यवस्था को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंत्री के आगमन के पूर्व खुद जाकर देखा। यहां तमाम चिकित्सा उपकरण भी लगे हुए हैं।

राज्य सरकार के निर्देश पर रिम्स के क्रिटिकल केयर यूनिट के अध्यक्ष डाॅ. प्रदीप भट्टाचार्य तथा मेडिसिन विभाग के डाॅ. अजित डुंगडुंग सोमवार को ही सुबह चार्टर्ड विमान से मंत्री को लाने चेन्नई गए थे। चिकित्सकों ने वहां मंत्री की सघन जांच की तथा उनके स्वस्थ होने को लेकर पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद अपनी देखरेख में उसी विमान से वापस लेकर रांची लाए।

बताते चलें कि मंत्री पिछले साल सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में कोरोना से संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर मंत्री को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री का कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ा को ट्रांसप्लांट किया गया है।

मंत्री के आवास पर ऑक्सीजन सिलेंडर व अन्य उपकरण के इंतजाम

एमजीएम, चेन्नई के चिकित्सकों के सुझाव पर मंत्री की देखभाल तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए उनके आवास पर ऑक्सीजन सिलेंडर व अन्य कई उपकरण के इंतजाम रखे गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री के आने से पहले उनके आवास पर जाकर मंत्री के लिए किए गए इंतजाम का जायजा लिया। आवास को पूरी तरह सैनिटाइज भी किया गया है।

chat bot
आपका साथी