कांग्रेस ने रामगढ़ से शुरू किया सदस्यता अभियान, रामेश्वर उरांव-बादल समेत कई सीनियर नेता जुटे

Jharkhand Congress कांग्रेस के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में वरिष्‍ठ नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता घरों में जाएं और लोगों को कांग्रेस का सदस्य बनाएं। रामेश्‍वर उरांव ने कहा कि रामगढ़ के खून में और रामगढ़ की धरती में कांग्रेस समाहित है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 12 Jan 2021 07:52 PM (IST) Updated:Tue, 12 Jan 2021 07:54 PM (IST)
कांग्रेस ने रामगढ़ से शुरू किया सदस्यता अभियान, रामेश्वर उरांव-बादल समेत कई सीनियर नेता जुटे
सदस्‍यता अभियान में मौजूद कांग्रेस के नेता।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यता अभियान का दोबारा शुभारंभ 10 महीने के बाद रामगढ़ से हुआ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कृषि मंत्री बादल, सदस्यता अभियान के प्रभारी आलोक कुमार दूबे, विधायक ममता देवी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, शाहजादा अनवर, प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन शकील अख्तर अंसारी एवं जयशंकर पाठक की उपस्थिति में उत्साहपूर्ण एवं भव्य तरीके से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. उरांव ने कहा कि रामगढ़ को गांधीजी ने और कांग्रेस ने ऐसे ही नहीं चुना था। रामगढ़ के खून में और रामगढ़ की धरती में कांग्रेस समाहित है। रामगढ़ के लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में गठबंधन पर विश्वास किया। कृषि मंत्री बादल ने कहा कि रामगढ़ में आहूत अधिवेशन से प्रारंभ हुए कांग्रेस के सफर में हमने बड़ी ऊंचाइयों को छुआ है। कांग्रेस कल भी थी, आज भी है और भविष्य में भी रहेगी।

15 लाख लोगों को राशन कार्ड देने का काम किया गया। नौ लाख किसानों की ऋण माफी की गई और अब पार्टी के कार्यकर्ताओं से निवेदन है कि लोगों के घरों में जाएं और उन्हें कांग्रेस का सदस्य बनाएं। सदस्यता अभियान प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा इस बार 15 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

स्थानीय विधायक ममता देवी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी हमारी पार्टी की परंपरा, नीति, सिद्धांतों को आगे बढ़ाना है। कांग्रेस पार्टी हमेशा अकलियतों, मजलूमों, पिछड़ों की आवाज रही है। इस मौके पर कांग्रेस नेता जय शंकर पाठक, शहजादा अनवर, रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुन्ना पासवान, बलजीत सिंह बेदी, शांतनु मिश्रा आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी