Jharkhand Politics: कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्वर उरांव बोले, अब वास्तविकता में हो रहा विकास

Rameshwar Oraon Jharkhand Congress झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव आज सिमडेगा पहुंचे। यहां उन्‍होंने विधायकों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की। कहा कि भाजपा सिर्फ दावा करती है असली विकास का काम कांग्रेस गठबंधन सरकार कर रही है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 04:16 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 06:05 PM (IST)
Jharkhand Politics: कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्वर उरांव बोले, अब वास्तविकता में हो रहा विकास
Rameshwar Oraon, Jharkhand Congress सिमडेगा में रामेश्‍वर उरांव।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि प्रदेश में झामुमो-कांग्रेस-राजद की गठबंधन सरकार वास्तव में विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भाजपा की सरकार में 900 करोड़ रुपये विकास के नाम पर मेला लगाने में खर्च कर दिए गए। मंत्री सदस्यता अभियान की जानकारी लेने के लिए सिमडेगा पहुंचे हैं और वहां पार्टी के नेताओं से बात कर आगे की रणनीति भी बनाएंगे।

इसके पूर्व बसिया पहुंचने पर गुमला के कांग्रेस जिलाध्यक्ष रोशन बरूवा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने डाॅ. उरांव का स्वागत किया। वहीं सिमडेगा पहुंचने पर विधायक भूषण बाड़ा और नमन विक्सन कोंगाड़ी और जिलाध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद सिमडेगा जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित बैठक में वित्त तथा खाद्य आपूर्ति डॉक्टर रामेश्वर उरांव ने कहा कि सही मायने में विकास का काम राज्य में कांग्रेस गठबंधन की सरकार कर रही है।

भाजपा की ओर से भले ही सबका साथ-सबका विकास का दावा किया जाता है, लेकिन यह मात्र स्लोगन भर बन कर रह गया है। असली विकास का काम कांग्रेस गठबंधन सरकार कर रही है। राज्य में स्कूल जाने वाले हर बच्चे को साइकिल और किताब उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में निवेश तभी आकर्षित होगा, जब यहां मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो। सड़क, बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था हो। भाजपा शासनकाल में 900 करोड़ रुपये सिर्फ मेला लगाने में खर्च कर दिया गया था।

उन्होंने यह भी कहा कि साधन सीमित है, लेकिन जरूरत अपार है। उन्होंने कहा कि 15-20 दिनों के अंदर सरकार सभी को 10 रुपये में वस्त्र देने के लिए साड़ी, धोती, लूंगी योजना लागू करने जा रही है। किसानों को समर्थन मूल्य देने के लिए हम नाबार्ड से 500 करोड़ रुपये कर्ज भी ले रहे हैं, ताकि झारखंड के लोगों को खाना, कपड़ा, आवास, किसानों को एमएसपी, पेंशन और राशन मुहैया करा सकें। सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए उरांव ने कहा कि गांधीजी के समय से ही चंदा लेकर कांग्रेस का सदस्य बनाए जाने की परंपरा रही है।

आज भी यह परंपरा कायम है। कांग्रेस पार्टी का सदस्य बनने के लिए पांच रुपये की सहयोग राशि की जरूरत होती है। मौके पर प्रदेश कांग्रेस सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने कहा कि राज्य में 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पार्टी ने निर्धारित किया है। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा जिला मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज बनने से यहां के लोगों को बड़ा फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग बाहर पढ़ने के लिए जाते है, लेकिन हॉकी के क्षेत्र में इस धरती ने झारखंड और देश को कई ओलिंपिक खिलाड़ी देने का काम किया है। आज भी सिमडेगा की खिलाड़ी टोक्यो में अपनी प्रतिभा का कमाल दिखा रही है। विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि जिले के पार्टी कार्यकर्त्ता संगठन के हर कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते आए हैं। पिछले दिनों आउटरीच अभियान में पार्टी के कोरोना योद्धाओं ने घर-घर जाकर आंकड़ा एकत्रित करने का काम किया और अब सदस्यता अभियान में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

chat bot
आपका साथी