61 वर्ष का हुआ झारखंड चैंबर आफ कामर्स, आज होंगे कई कार्यक्रम

झारखंड चैंबर आफ कामर्स के 61 साल पूरे

By JagranEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 07:07 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 07:07 AM (IST)
61 वर्ष का हुआ झारखंड चैंबर आफ कामर्स, आज होंगे कई कार्यक्रम
61 वर्ष का हुआ झारखंड चैंबर आफ कामर्स, आज होंगे कई कार्यक्रम

जासं, रांची : झारखंड के व्यापार एवं उद्योग जगत की प्रतिनिधि संस्था फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्थापना के 61 वर्ष पूरे हो गए। इस उपलक्ष्य मे बुधवार को चैंबर भवन में कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 61 वर्षों से झारखंड के स्टेकहोल्डर्स व प्रोफेशनल्स की प्रगति में समर्पित छोटानागपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नाम से गठित चैंबर की स्थापना 15 सितंबर 1960 को हुई थी। राय बहादुर हरकचंद जैन इसके संस्थापक अध्यक्ष और आत्माराम बुधिया संस्थापक सचिव थे। 60 वर्षों के दौरान 49 अध्यक्षों ने चैंबर का कार्यभार संभाला और प्रदेश के विकास के साथ ही प्रदेश के व्यापारियों व उद्यमियों के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास किए। शुरुआती दिनों में चैंबर ने बुधिया बिल्डिग से अपना कामकाज शुरू किया, इसके बाद कई जगहों यथा-हिदुस्तान बिल्डिग, कांग्रेस भवन और भारत शू बिल्डिग में चैंबर का कार्यालय संचालित हुआ। इसके बाद मेन रोड में चैंबर का अपना भवन स्थापित हुआ।

चैंबर भवन के निर्माण में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं कई वरीय सदस्यों का विशेष योगदान रहा है। वर्ष 2000 में झारखंड गठन के साथ ही छोटानागपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स का नाम परिवर्तित होकर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज हो गया। वर्तमान में चैंबर के लगभग 3500 सदस्य हैं। इसमें जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स को मिलाकर 80 सम्बद्ध संस्थाएं सम्मिलित हैं। फेडरेशन चैंबर व्यापार व उद्योग से संबंधित नीति निर्माण में राज्य के स्टेकहोल्डर्स और सरकारी विभागों के बीच एक कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है। फेडरेशन को रेलवे, जीएसटी, सेंट्रल एक्साइज, नागरिक उड्डयन, जिला प्रशासन के अलावा विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी विभागों द्वारा गठित सलाहकार समिति में प्रतिनिधित्व प्राप्त है, जिसके माध्यम से स्टेकहोल्डर्स की कठिनाइयों का समाधान कराया जाता है।

--------------------

प्रदेश के सभी व्यापारी, उद्यमी एवं प्रोफेशनल्स को बधाई। इन 61 वर्षों में कई पूर्व अध्यक्षों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। फेडरेशन अपने मूल उद्देश्यों व्यापार-उद्योग एवं प्रोफेशनल्स के हितों की रक्षा के साथ-साथ आगे बढ़ता रहे, यही हमारी कामना है।

- प्रवीण जैन छाबड़ा, अध्यक्ष

------------

प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों व प्रोफेशनल्स का उत्थान ही हमारी प्रतिबद्धता है। फेडरेशन के सकारात्मक कार्यों का ही परिणाम है कि आज व्यापारी, उद्यमी के अलावा एक सामान्य नागरिक भी अपनी कठिनाइयों को पहले चैंबर से साझा करते हैं। हमारे लिए शिकायतों का निराकरण ही प्राथमिकता है। यह मायने नहीं रखता कि वह चैंबर का सदस्य है या नहीं।

- राहुल मारू, महासचिव।

chat bot
आपका साथी