मशहूर अभ‍िनेता जावेद पठान ने कहा क‍ि फिल्म इंडस्ट्रीज से दुनिया में बनेगी झारखंड की पहचान

जावेद अभी अमेरिका में वेब सीरीज ग्रे स्टोरी की शूटिंग कर अपने होम टाउन रांची आए थे। बातचीत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक युवा और स्वप्नदर्शी मुख्यमंत्री हैं। झारखंड को आगे ले जाने और बेहतर छवि बनाने की दिशा में प्रयासरत हैं।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 05:30 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 05:30 PM (IST)
मशहूर अभ‍िनेता जावेद पठान ने कहा क‍ि फिल्म इंडस्ट्रीज से दुनिया में बनेगी झारखंड की पहचान
कई धारावाह‍िकों में काम कर चुके अभ‍िनेता जावेद पठान इन द‍िनों रांची में मौजूद हैं।

संजय कृष्ण, रांची : फिल्म अभिनेता जावेद पठान ने रव‍िवार को दैन‍िक जागरण से कहा कि झारखंड में यदि फिल्म इंडस्ट्रीज बने तो दुनिया में इसकी बेहतर छवि बनेगी। इसके साथ ही यहां से पलायन भी रुकेगा और हर क्षेत्र में रोजगार का सृजन होगा। झारखंड पर प्रकृति मेहरबान हैं, लेकिन इसका ठीक ढंग से दोहन नहीं कर पाए हैं। हमारा ध्यान केवल खनिज पर ही रहा है, जबकि धरती के नीचे ही नहीं, ऊपर पर उससे कीमती और न खत्म होने वाला खजाना है। 

जावेद अभी अमेरिका में अपनी वेब सीरीज 'ग्रे स्टोरी' की शूटिंग कर अपने होम टाउन रांची आए थे। जागरण से विशेष बातचीत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक युवा और स्वप्नदर्शी मुख्यमंत्री हैं। झारखंड को आगे ले जाने और दुनिया में इसकी बेहतर छवि बनाने की दिशा में भी वे प्रयासरत हैं। यदि वे अपने कार्यकाल में यहां फिल्म इंडस्ट्रीज की नींव रख देते हैं, यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण काम होगा। उन्होंने कहा कि यहां पर खूबसूरत नजारे भी हैं। चारों तरफ जलप्रपात, पहाड़ और घाटियां हैं। बस, केवल प्रोडक्शन हाउस की घोषणा सरकार कर दे तो लोग मुंबई से यहां आकर शूटिंग करें। अभी तो केवल कुछ लोग आकर शूटिंग कर रहे हैं। इंडस्ट्रीज बन जाने से यहां सालों भर हर तरह के कलाकारों को काम मिलता रहेगा। झारखंड के बहुतेरे कलाकार, निर्देशक मुंबई में हैं। बड़े-बड़े नाम भी हैं। यहां उन्हें सुविधा मिल जाए तो देश-दुनिया में झारखंड की छवि बदलते देर नहीं लगेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बांग्ला के महान निर्देशक ऋत्विक घटक, सत्यजीत रे जैसे लोगों ने पचास और सत्तर के दशक में रांची और पलामू में शूटिंग कर चुके हैं। अब तो झारखंड अलग राज्य बन गया है और प्रकृति का खजाना हमारे हिस्से आया है। इसका कैसे उपयोग किया जाए, इस पर विचार होना चाहिए। कोरोना काल में कितने लोग मुंबई से लेकर दूसरे शहरों से लोग झारखंड लौटे। यही नौबत फिर न आए, हमें इस दिशा में पहल करनी चाहिए। 

जोधा अकबर, महादेव, विघ्नहर्ता गणेश, बालवीर, हम पांच, महाराणा प्रताप आदि धारावाहिकों में अपने अभिनय की छाप छोड़ चुके पठान कहते हैं कि झारखंड हमारा घर है। यहां सरकार दो कदम चले तो हम सब दस कदम चलकर यहां बड़े निर्माता-निर्देशकों को बुला सकते हैं। फिल्म नीति के कारण लोग यहां आ रहे हैं, लेकिन वे बस शूटिंग और सब्सिडी के लिए। फिल्म इंडस्ट्रीज बन जाने से यहां के कलाकारों, तकनीशियनों को बराबर काम मिलता रहेगा। पठान ने अपनी आने वाली फिल्म बगावत के बारे में बताया कि यह नौ अप्रैल को रिलीज होगी। ग्रे स्टोरी भी जल्द आएगी। इसमें भाग्यश्री, किकू शारदा, जुगल हंसराज आदि ने काम किया है।

chat bot
आपका साथी