Indian Railways News: कोडरमा-हजारीबाग के बीच रेलवे की सिटीलिंक बस, पुरुषोत्तम एक्‍सप्रेस के यात्रियों को मिलेगा लाभ

IRCTC Indian Railway हजारीबाग टाउन से सुबह सवा 9 बजे यह बस खुलेगी जो डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के यात्रियों को लेकर आएगी। पुनः यही बस अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आने के बाद कोडरमा स्टेशन से हजारीबाग शहर के लिए 14 35 बजे खुलेगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 12:22 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 05:17 PM (IST)
Indian Railways News: कोडरमा-हजारीबाग के बीच रेलवे की सिटीलिंक बस, पुरुषोत्तम एक्‍सप्रेस के यात्रियों को मिलेगा लाभ
कोडरमा से हजारीबाग के बीच चलने वाली सिटी लिंक बस।

कोडरमा, जासं। कोरोना वायरस लॉकडाउन के बाद से ही गत 21 मार्च से बंद रेलवे की कोडरमा-हजारीबाग सिटीलिंक बस का परिचालन सोमवार 28 सितंबर से फिर शुरू हो गया है। यह रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बस के प्रबंधक दिलीप संथालिया ने बताया कि पूर्व में ट्रेन यात्रियों को कोडरमा से हजारीबाग टाउन 3 फेरे में लाने और ले जाने के लिए सिटीलिंक बस का परिचालन होता था। 6 माह से बस का परिचालन बंद था।

वर्तमान में बस केवल एक फेरे में नई दिल्ली पुरी पुरुषोत्तम एक्‍सप्रेस के अप और डाउन के यात्रियों को लाने और ले जाने का कार्य करेगी। हजारीबाग टाउन से सुबह सवा 9 बजे यह बस खुलेगी जो डाउन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के यात्रियों को लेकर पुन: कोडरमा से हजारीबाग आएगी। पुनः यही बस अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आने के बाद कोडरमा स्टेशन से हजारीबाग टाउन के लिए 14:35 बजे खुलेगी। रास्ते में कहीं भी बस का ठहराव नहीं होगा।

उन्होंने बताया कि कोविड 19 के लिए सरकार और प्रशासन के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। प्रत्येक यात्रियों के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप, मास्क का पहने होना और थर्मल स्क्रीनिंग भी अनिवार्य किया गया है। वहीं टिकट काउंटर से यात्री को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर की सूची उपलब्ध करानी होगी। कोडरमा स्टेशन पहुंचने के बाद बस के चालक इन्द्रु महतो ने बताया कि पहले दिन हजारीबाग टाउन से 6 यात्रियों को लेकर कोडरमा पहुंचे हैं।

हजारीबाग के रेल यात्रियों के लिए है सिटीलिंक बस सेवा

सिटी लिंक बस की सेवा लगभग 10 वर्ष पूर्व शुरू की गई थी। पटना-हटिया सुपर एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के रेल यात्रियों को कोडरमा से हजारीबाग ले जाने और हजारीबाग से कोडरमा स्‍टेशन ले जाने के लिए यह बस चलाई जाती है। इस बस में पहली प्राथमिकता रेलवे के यात्रियों को दी जाती है। इसके बाद जगह रहने पर अन्य यात्री भी इस बस में सफर कर सकते हैं।

बस सेवा के संचालक दिलीप संथालिया के अनुसार यह बस 41 सीटर है। कोरोना के कारण वर्तमान में इसमें अधिकतम 20 यात्री ही ढोए जाएंगे। प्रत्येक सीट पर एक यात्री होगा। पूर्व में बस का किराया ₹80 प्रति यात्री था, जिसे अब बढ़ाकर ₹160 कर दिया गया है। बस संचालन में कोविड-19 के सारे नियमों का अनुपालन किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी